77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पुलिस लाईन में आयोजित परेड की राज्य मंत्री होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग धर्मवीर प्रजापति ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के साथ ली सलामी
हाथरस ।
77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पुलिस लाईन में आयोजित परेड की राज्य मंत्री (स्व0प्र0) होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग उ0प्र0 धर्मवीर प्रजापति ने गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया गया।
आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री (स्व0प्र0) होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग उत्तर प्रदेश सरकार धर्मवीर प्रजापति ने मार्च पास्ट की सलामी ली। भव्य पुलिस परेड के दौरान पीएसी बैण्ड की मधुर स्वर लहरियों के बीच सशस्त्र पुलिस, बज्रवाहन, मोटरसाइकिल दल, यातायात पुलिस, महिला पुलिस, पीएसी, एनसीसी, स्काउट, पुलिस रेडियो शाखा तथा फायर बिग्रेड के कदमताल ने समारोह में चार चॉद लगा दिये। तत्पश्चात् पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने समारोह में उपस्थित लोगों को राष्ट्र की एकता-अखण्डता सुनिश्चित करने एवं बन्धुता बढाने हेतु शपथ दिलाई। इसके पश्चात् मुख्य अतिथि द्वारा मार्च पास्ट टीम के परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया।
77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पुलिस लाईन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री (स्व0प्र0) होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग उत्तर प्रदेश सरकार धर्मवीर प्रजापति ने सर्वप्रथम जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने परेड में सम्मिलित जवानों तथा रंगोली निर्माण करने वाली टीम की भूरी-भूरी प्रशंसा की, रंगोली का अवलोकन किया तथा उन्होंने जनप्रतिनधिगणों तथा प्रतिभागियों के साथ सामूहिक फोटो भी खिंचवाया। मंत्री ने “वंदे मातरम्” के रचयिता बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय को स्मरण करते हुए कहा कि यह रचना राष्ट्र की आत्मा की पुकार है। आज भारत तेज़ी से बदल रहा है। आत्मनिर्भर बनते हुए निरंतर सशक्त हो रहा है। चंद्रयान मिशन के माध्यम से भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर तिरंगा फहराकर विश्व में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। हमारी थल सेना, जल सेना और वायु सेना विश्व की सबसे सशक्त सेनाओं में शामिल हैं, जो देश की सीमाओं की रक्षा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं से लाखों युवाओं के सपनों को साकार किया जा रहा है। इस गणतंत्र दिवस पर जनभागीदारी का नया अध्याय भी जुड़ा है, जिसमें लखपति दीदी, पंचायत प्रतिनिधि, कारीगर, वैज्ञानिक, स्टार्टअप फाउंडर आदि प्रदेश और देश के लिए गौरव का विषय है। मंत्री ने कहा कि सच्चा गणतंत्र तभी सशक्त होता है जब हम संविधान के मूल्यों, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को अपने जीवन में उतारते हैं। जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को अपनाना ही समय की आवश्यकता है। आज पूरा विश्व भारत की प्राचीन संस्कृति, लोकतांत्रिक मूल्यों और बढ़ती वैश्विक भूमिका को सम्मान की दृष्टि से देख रहा है।
उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि इस गणतंत्र दिवस पर हम संकल्प लें कि पर्यावरण की रक्षा करेंगे, एक-दूसरे का सम्मान करेंगे, शिक्षा, नवाचार, परिश्रम और ईमानदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देंगे। अंत में मंत्री ने देश की सुरक्षा में तैनात थल सेना, जल सेना, वायु सेना, बीएसएफ, पुलिस बल सहित सभी जवानों एवं उनके परिवारों के त्याग को नमन किया तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर दून पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने गणेश वंदना, सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज की छात्र-छात्राओं ने योद्धा मै बन गई तथा अस्मिता यादव की टीम ने आरम्भ है प्रचंड है गीत पर सुंदर नृत्य की प्रस्तुति दी। स्कूल के छात्र छात्राओं ने अपने अद्भुत कार्यक्रम के द्वारा उपस्थित लोगो को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पुलिस लाईन में आयोजित परेड के पश्चात जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही मंच पर उपस्थिति सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायकगण, भाजपा जिलाअध्यक्ष के अलावा अन्य जनप्रतिनिधिगणों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सीमा उपाध्याय विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंद्राराऊ वीरेन्द्र सिंह राणा, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव आर्य, जिला अध्यक्ष श्याम सिंह, सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुडडू, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय जन प्रतिनिधि गण, अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस बल एवं उनके परिवारी जन, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकार बंधु आदि उपस्थित रहें।
#@samachar24news



एक टिप्पणी भेजें