जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना कोतवाली हाथरस गेट में की जनसमस्याओं की सुनवाई
हाथरस।
थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ थाना कोतवाली हाथरस गेट में फरियादियों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का मौके पर मुआयना कर निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिलाधिकारी ने थाना समाधान पंजिका का अवलोकन भी किया।
थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना कोतवाली हाथरस गेट पहुंचकर जनसमस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने समाधान दिवस के दौरान लगभग 12 शिकायतों में से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए कहा कि समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त कार्यवाही की आवश्यकता है, उनमें दोनों विभागों की टीमें आपसी समन्वय के साथ एक टीम के रूप में कार्य करते हुए समस्याओं का तत्काल निस्तारण करेंगी। शासन की मंशा के अनुरूप समाधान दिवस के उद्देश्य को पूरी तरह से फलीभूत करने के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करते हुए शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनशिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विशेष रूप से भूमि संबंधी विवादों के मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच कराने तथा प्रत्येक शिकायत का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौके पर दोनों पक्षों की उपस्थिति में सुलह समझौता के आधार पर शिकायत का निस्तारण कराया जाए। जिससे किसी को समस्या न हो इस बात का अवश्य ध्यान रखा जाए। शिकायत का निस्तारण पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षरूप से हो। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और शिकायतकर्ता को नियमानुसार प्रभावी समाधान उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिए। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस थाना प्राभारी आदि उपस्थित रहे।
@#samachar24news


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें