नगर के जीटी रोड स्थित अंबेडकर पार्क के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों को लेकर नगर पालिका के सभासदों का गुस्सा फूट पड़ा है। लगातार चार-पांच बार बोर्ड की बैठकों में प्रस्ताव पास होने के बाद भी पार्क की सुधि न लेने से नाराज अनुसूचित जाति के सभासदों और अंबेडकर अनुयायियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद मुशीर कुरैशी और अधिशासी अधिकारी (ईओ) को एक ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
सौंपे गए ज्ञापन में सभासदों ने कहा है कि जीटी रोड स्थित अंबेडकर पार्क की हालत बेहद दयनीय हो चुकी है। बोर्ड की बैठकों में चार से पांच बार प्रस्ताव रखने के बावजूद नगर पालिका प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
उन्होंने मांग की कि पार्क की दुर्दशा को दूर करने के लिए राज्य वित्त आयोग अथवा 15वें वित्त आयोग के फंड से तत्काल निर्माण व सौंदर्यीकरण कार्य कराया जाए।
अधिशासी अधिकारी ने सभासदों को आश्वस्त करते हुए बताया कि अंबेडकर पार्क के सौंदर्यीकरण और आवश्यक निर्माण कार्यों के लिए शासन की एक विशेष योजना के तहत प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था, जो किन्हीं तकनीकी या अन्य कारणों से अभी तक मंजूर नहीं हो सका है। ईओ ने भरोसा दिलाया कि यदि शासन की इस योजना को जल्द मंजूरी नहीं मिलती है, तो नगर पालिका अपने खुद के फंड से पार्क में निर्माण कार्य और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित कराएगी।
ज्ञापन सौंपकर नाराजगी जताने वाले सभासदों में मुख्य रूप से एवरन सिंह, अमर बाबू, रवि कुमार, आशा देवी, दीक्षा भारती, अजय कुमारी, हाजी नईम, ललित कुमार, कांति देवी, चंद्रावती, मुन्नी देवी और अकबर नवाब आदि शामिल रहे।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें