बृजक्षेत्र का मशहूर एवं जनमानस की आस्थाओं का प्रतीक 115वॉ एवं तृतीय प्रान्तीय लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज का हुआ शुभारम्भ
हाथरस।
बृज क्षेत्र की आस्था एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक सुप्रसिद्ध 115वाँ एवं तृतीय प्रान्तीय लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज-2026 का आज भव्य शुभारम्भ हुआ। मेले का उद्घाटन मा0 मंत्री महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार/प्रभारी मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ श्री दाऊजी मंदिर पहुंचकर दाऊ बाबा एवं रेवती मैया के दर्शन-पूजन किए। कार्यक्रम का शुभारम्भ सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मंच पर उपस्थित जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अधिकारियों का पटका पहनाकर एवं बुके भेंटकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। बीएलएस इंटर कॉलेज की छात्राओं ने ब्रज की संस्कृति एवं लोक परंपराओं की मनोहारी झलक प्रस्तुत करते हुए ब्रज गीत एवं ब्रज लोक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर छात्र चिराग वर्मा, शिवांश वर्मा एवं पवन वर्मा द्वारा प्रभारी मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य एवं अन्य अतिथियों को झूला एवं नाव के मॉडल भेंट किए गए।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मेले का संक्षिप्त परिचय देते हुए कहा कि ’’115वां एवं तृतीय प्रांतीय लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज’’ केवल हाथरस का वार्षिक आयोजन नहीं, बल्कि ’’ब्रज क्षेत्र की आस्था, लोक संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत’’ का प्रतीक है। मेले की परंपरा वर्ष ’’1912’’ में एक छोटे आयोजन के रूप में प्रारंभ हुई थी, जो समय के साथ विस्तार पाते हुए आज विशाल लक्खी मेले का स्वरूप ले चुकी है। इसके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए ’’वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा इसे राजकीय मेला’’ घोषित किया गया। उन्होंने कहा कि ’’राजा दयाराम के ऐतिहासिक किला परिसर स्थित श्री दाऊजी महाराज मंदिर’’ में आयोजित होने वाला यह मेला पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही आस्था एवं परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ हाथरस की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का माध्यम भी है। जिलाधिकारी ने कहा कि 17 सितंबर का दिन सेवा के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की निरंतर सेवा’’ के उपलक्ष्य में प्रदेश में ’’सेवा संकल्प अभियान’’ का शुभारंभ हुआ है, जो 17 सितंबर से 17 अक्टूबर’’ तक संचालित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से ’’सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और जनभागीदारी’’ की भावना को मजबूत करते हुए युवाओं, महिलाओं, किसानों एवं समाज के सभी वर्गों को ‘‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद में रक्तदान, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, दिव्यांगजन एवं विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं श्री दाऊजी महाराज मेले में ’’कवि सम्मेलन, किसान एवं कृषि सम्मेलन, महिला एवं बाल कार्यक्रम, साहित्य सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पंजाबी दरबार, भजन एवं संगीत सम्मेलन सहित विविध आयोजन होंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ, सुगम एवं सुव्यवस्थित वातावरण’’ उपलब्ध कराना है। इसके लिए सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, स्वच्छता, प्रकाश एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने प्रभारी मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य का स्वागत करते हुए कहा कि ’’आस्था और सेवा के इस संगम’’ से जनकल्याण की भावना को नई ऊर्जा मिलेगी तथा हम सभी विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में योगदान देंगे।
इस अवसर पर मंत्री महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार/प्रभारी मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने कहा कि आज श्री दाऊजी महाराज की पावन धरती पर आने का अवसर मिला है। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। श्री दाऊजी महाराज, जिनको हम बचपन से माखन-मिश्री का भोग लगाकर प्रसाद ग्रहण करते आए हैं, उनके असीम आशीर्वाद के कारण ही आज हमें उनके दर्शन करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज का दिन कई मायनों में विशेष और पावन है। एक ओर श्री दाऊजी महाराज का मेला है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन एवं विश्वकर्मा जयंती भी है। इसके साथ ही मौसम भी सुहावना है। यह प्रकृति का आशीर्वाद और एक सुखद संयोग है कि इतनी सारी शुभ चीजें एक साथ जुड़ रही हैं। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा के संकल्प के साथ इस मेले से जोड़ना हम सभी के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में देश के विकास और जनसेवा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता एवं सूझबूझ के कारण वैश्विक परिस्थितियों के बीच भी देश में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने के प्रयास किए गए और आम नागरिकों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव न्यूनतम रखने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि आज का यह लक्खी मेला केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नहीं है, बल्कि यहां आने वाले लोगों में बड़ी संख्या उन परिवारों की है, जो केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं। इनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, विद्युत कनेक्शन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित अनेक योजनाएं शामिल हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर भी श्रमिकों, कारीगरों, महिलाओं एवं गरीब परिवारों के हित में विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार का प्रयास समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा, आर्थिक सशक्तीकरण, शिक्षा, रोजगार और सम्मान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रयास किए गए हैं।
प्रभारी मंत्री ने श्री दाऊजी महाराज से प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें शक्ति और सद्बुद्धि प्रदान करें तथा प्रदेश का कोई भी नागरिक भूखा न सोए, प्रत्येक बच्चे को शिक्षा मिले, बुजुर्गों को सम्मान मिले और सभी परिवारों के बच्चे स्वस्थ एवं शिक्षित होकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जनसेवा और जनकल्याण के कार्यों से जोड़ने का संकल्प है। यदि हम सभी मिलकर इस संकल्प को आगे बढ़ाएंगे तो श्री दाऊजी महाराज की कृपा हम सभी पर बनी रहेगी। प्रभारी मंत्री ने आगामी त्योहारों एवं पर्वों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले सभी पर्व एवं मेले आपसी भाईचारे, सौहार्द और प्रेम के साथ मनाए जाएं।
सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने श्री दाऊजी महाराज के मेले के शुभारंभ पर सभी को हृदय से बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने श्री दाऊजी महाराज के मेले के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि मेले की परंपरा का शुभारंभ वर्ष 1912 के आसपास हुआ, जब तत्कालीन तहसीलदार श्यामलाल जी के बच्चे के बीमार होने पर श्री दाऊजी महाराज ने स्वप्न में दर्शन देकर मंदिर के पट खोलकर पूजा-अर्चना कराने का संकेत दिया था। इसके बाद से मेले की परंपरा निरंतर आगे बढ़ती गई। उन्होंने कहा कि श्री दाऊजी महाराज का मेला जनपद की आस्था एवं गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने कहा कि मेले के साथ-साथ यहां लगने वाला बाजार भी इसकी विशेषता है। मेले की तैयारियों में लंबे समय से जुटे अधिकारियों, कर्मचारियों, आयोजकों एवं सभी सहयोगियों को उन्होंने बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मेले की व्यवस्थाओं एवं स्वरूप में सकारात्मक परिवर्तन स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने दंगल के शुभारंभ पर आयोजन से जुड़ी पूरी टीम को भी बधाई एवं धन्यवाद दिया तथा इतनी अच्छी व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन एवं संबंधित सभी लोगों की सराहना की। सांसद ने भगवान विश्वकर्मा जयंती एवं देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस पर अपनी ओर से एवं जनपदवासियों की ओर से शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने श्री दाऊजी महाराज से सभी के सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, विधायक सदर/महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, निवर्तमान अध्यक्ष/प्रशासक जिला पंचायत श्रीमती सीमा उपाध्याय ने अपने संबोधन में श्री दाऊजी महाराज के 115वें मेले के शुभारंभ पर जनपदवासियों एवं श्रद्धालुओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्री दाऊजी महाराज का मेला हाथरस की आस्था, संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है। प्रांतीय मेला घोषित होने के बाद मेले के स्वरूप एवं व्यवस्थाओं में निरंतर सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने मेले को प्रांतीय स्वरूप प्रदान किए जाने के लिए माननीय मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में यह मेला और अधिक भव्य एवं विराट स्वरूप ग्रहण करेगा। जनप्रतिनिधिगण ने प्रशासन द्वारा मेले में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालु यहां से सुखद एवं सकारात्मक अनुभव लेकर जाएं, इसके लिए प्रशासन के साथ-साथ आमजन का सहयोग भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक माह तक चलने वाले इस मेले में दंगल, रासलीला, कवि सम्मेलन सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जो हाथरस की लोक विधाओं एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि मेले की विशेषता यह भी है कि इसमें स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रहती है और प्रशासन के सहयोग से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने पुराने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि श्री दाऊजी महाराज के मेले से जनपदवासियों की भावनाएं गहराई से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने मेले में पूर्व में हुई तेज बारिश के दौरान दर्शकों की सुविधा के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि मेले में श्रद्धालुओं एवं दर्शकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निरंतर व्यवस्थाओं में सुधार किया जाता रहा है। उन्होंने वर्तमान में जिला प्रशासन द्वारा मेले की सुंदरता, भव्यता एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए की गई तैयारियों की सराहना की तथा सभी अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। जनप्रतिनिधिगण ने भगवान विश्वकर्मा जयंती एवं देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनकल्याणकारी कार्यों एवं सेवा भाव से जुड़े कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने श्री दाऊजी महाराज से सभी श्रद्धालुओं एवं जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना करते हुए मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने श्री दाऊजी महाराज मेला पाण्डाल स्थित अखाड़ा में आयोजित कुश्ती दंगल का आनंद लिया तथा पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवा, जिलाध्यक्ष अपना दल, विधायक सदर, विधायक सिकंदराराऊ, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष ब्रज शरद माहेश्वरी, ब्लॉक प्रमुख मुरसान, ब्लॉक प्रमुख हाथरस, सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, पत्रकार बंधु एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें