सिकंदराराऊ में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित, पूर्व एमएलसी डॉ. राकेश सिंह राना ने कहा—शिक्षक राष्ट्र निर्माण के असली मार्गदर्शक
शिक्षक दिवस के अवसर पर क्षेत्र में एक भव्य शिक्षक सम्मान समारोह एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने शिक्षकों के अमूल्य योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशाला हैं। वे अपने ज्ञान, संस्कार और नवाचार की ज्योति से विद्यार्थियों के जीवन को प्रकाशित कर देश के भविष्य का निर्माण करते हैं।गोष्ठी के मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी एवं लखनऊ विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह राना रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर आयोजक समिति द्वारा उन्हें मोमेंटो एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी हरपाल सिंह यादव ने किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सुभाष चंद्र शर्मा ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को जीवन में सफलता के लिए आवश्यक ज्ञान और कौशल प्रदान करते हैं। वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का निर्माण करने के साथ-साथ उनके चरित्र को गढ़ने और जीवन में नैतिक मूल्यों को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक ही विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार और बेहतर नागरिक बनने की दिशा दिखाते हैं।
मुख्य अतिथि डॉ. राकेश सिंह राना ने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हम सभी महान शिक्षाविद् एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस मना रहे हैं। उन्होंने देश के सभी शिक्षकों को नमन करते हुए कहा कि डॉ. राधाकृष्णन ने अपने जीवन में शिक्षा और राष्ट्र निर्माण को सर्वोच्च महत्व दिया। साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने अपनी शिक्षा छात्रवृत्ति के माध्यम से पूरी की और आगे चलकर देश के महान शिक्षाविदों में अपना स्थान बनाया।डॉ. राना ने आगे कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की दिशा तय करने वाला मार्गदर्शक होता है। विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन, वैज्ञानिक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करना शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका है। एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण केवल मजबूत शिक्षा व्यवस्था और समर्पित शिक्षकों के माध्यम से ही संभव है।
कार्यक्रम के अंत में विजय प्रताप पुंडीर ने समारोह में उपस्थित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अतिथियों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षा संघ के पूर्व अध्यक्ष विजयवीर सिंह, यूटा के जिला अध्यक्ष प्रदीप पुंडीर, जिला उपाध्यक्ष अवनीश कुमार सिसोदिया, प्राथमिक शिक्षा संघ के ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र चौहान, विनय चतुर्वेदी, प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के जिला उपाध्यक्ष नरेश चतुर्वेदी, जिला उपाध्यक्ष मनोज यादव, यशवीरा सिंह राघव, राधेश्याम, नरेंद्र राठौर, विनोद कुमार, खचेर सिंह, पूर्व अध्यापक अशोक पुंडीर, हरपाल सिंह यादव, जाहिर अख्तर कुरैशी, राम गिरीश यादव, संजय शर्मा और धर्मवीर सिंह लोधी सहित भारी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें