सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद के सभी 1712 आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित हुआ ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान के तहत आज जनपद हाथरस के सभी 1712 आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति का आकलन करते हुए कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन करना तथा उन्हें सुपोषित श्रेणी में लाने के लिए आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ आमंत्रित कर उनके सामने ही बच्चों का वजन किया गया। इस दौरान बच्चों की पोषण स्थिति की जानकारी अभिभावकों को दी गई तथा कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों के परिवारों को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं उचित खान-पान के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। अभिभावकों को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित देखभाल एवं पोषण संबंधी उपाय अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
‘आंगन मिलन सेवा’ के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों पर गोद भराई एवं अन्नप्राशन की गतिविधियां भी आयोजित की गईं। साथ ही कुपोषित बच्चों के परिवारों को बच्चों को सुपोषित बनाने के लिए उपलब्ध पोषण सेवाओं एवं संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा प्रतिभाग किया गया तथा लाभार्थियों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं पोषण संबंधी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
@#samachar24news


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें