कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रोशनगंज में रविवार को उस समय भारी तनाव फैल गया, जब एक प्राचीन कुएं की दीवार तोड़ने और उस स्थान पर कब्जे की कोशिश को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस, गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मोहल्ला रोशनगंज में स्थित एक सार्वजनिक कुएं की दीवार को एक पक्ष द्वारा कथित तौर पर तोड़ने का प्रयास किया गया। दूसरे पक्ष ने जब इसका विरोध किया और इसे जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश बताया, तो दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, दोनों ओर से जमकर नारेबाजी और हंगामा हुआ, जिससे मोहल्ले में सांप्रदायिक व सामाजिक तनाव जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिकंदराराऊ कोतवाली प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया और भीड़ को हटाया।
प्रशासनिक हस्तक्षेप और पुलिस की मौजूदगी में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया। विवाद को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों की सहमति और प्रशासनिक निर्देश पर तोड़ी गई कुएं की दीवार का निर्माण दोबारा करा दिया।
पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों को सख्त हिदायत दी है कि कोई भी कानून अपने हाथ में न ले। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और उपद्रव करने वाले संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें