एटा।* रिजोर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत शिकोहाबाद रोड स्थित ईशदी के पास रविवार को सुबह करीब 8 बजे बस को बचाने के चक्कर में सामने से खाली आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली से गंगा स्नान कर लौट रहे शिकोहाबाद क्षेत्र के रहने वाले श्रद्धालुओं की अल्टो कार की जबर्दस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में सास-बहू समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मौके पर पहुचे पुलिस अधिकारियों ने जांच पड़ताल करते हुए शवों को पोस्टमार्टम गृह भेज दिया।
बताया गया है कि जनपद फिरोजाबाद के थाना व कस्बा शिकोहाबाद के नेहरू पैलेस निवासी 40 वर्षीय गोविंद कुमार यादव पुत्र महाराज सिंह यादव, उसकी 35 वर्षीय पत्नी पिंकी यादव, 60 वर्षीय मां सरलादेवी यादव और आगरा के जगदीशपुरा निवासी कुमारी दया यादव पुत्री राकेश कुमार यादव, जनपद मैनपुरी के सिरसागंज थानान्तर्गत ग्राम ढांडरी निवासी 45 वर्षीय गिरीशचन्द्र यादव अल्टो कार में सवार होकर दशहरा पर्व पर गंगा स्नान करने गए थे। रविवार को सुबह 8 बजे सभी श्रद्धालु कार संख्या-यूपी-83-एएच-6744 में गंगास्नान करने के पश्चात रिजोर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत शिकोहाबाद रोड स्थित ईशन नदी के समीप पहुचे कि तभी बस को ओवरटेक करते समय शिकोहाबाद की तरफ से खाली ट्रैक्टर-ट्राली से जबर्दस्त भिड़ंत हो गई। दोनों वाहनों की भिड़ंत इतनी भयानक थी कि गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। हादसा होते ही राहगीरों के अलावा आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और राहत कार्य में जुटते हुए पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुचे क्षेत्राधिकारी व रिजोर थानाध्यक्ष ने सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों द्वारा सरला देवी व उसकी पुत्रवधू पिंकी एवं रिश्तेदार गिरीश को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गोविंद की हालात खतरे में देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि हादसा रिजोर थाना क्षेत्र के ईशन नदी पुल के पास हुआ। यहां कार बस के पीछे चल रही थी। उसने बस को ओवरटेक किया। इसी समय सामने से आ रहे खाली ट्रैक्टर-ट्राली से भिड़ंत हो गई। गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। हादसा देख आसपास के लोग भागकर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला। उन्हें आनन-फानन मेडिकल कालेज पहुंचाया गया। मेडिकल कॉलेज में जांच के बाद डॉक्टरों ने पिंकी पत्नी गोविंद, सरला पत्नी महाराज सिंह और गिरीश को मृत घोषित कर दिया। वहीं गोविंद और दया की हालत नाजुक बनी हुई है। घायल गोविंद ने बताया कि सभी लोग दशहरा पर सोरों घाट पर गंगा स्नान करके वापस घर लौट रहे थे।
@samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें