एटा।* निधौलीकलां थाना पुलिस द्वारा रविवार की देर रात रुपए के लेन-देन में हुई मारपीट में तीन लोगों को उठाकर हवालात में बंद कर दिया। पुलिस की बेरहमी की हदें तो उस समय पार हो गईं जब हवालात में बंद लोगों को रातभर भूखा प्यासा रखा गया। सोमवार को सुबह पीड़ित के गवाह की मौत हो गई। एसएसपी ने थानाध्यक्ष और आरक्षी लिपिक को निलंबित कर दिया है।
क्षेत्र के गांव दलशाहपुर निवासी 34 वर्षीय देवेन्द्र सिंह सैनी पुत्र मुन्नालाल सैनी ने बताया कि वह सिलाई और बैण्ड-बाजे का काम करता है। गांव का निवासी 22 वर्षीय मित्र मुहम्मद हुसैन पुत्र इस्लाम भी उसके साथ बैण्ड बाजे का काम करता था। देवेन्द्र की दुकान पर राकेश कुमार दर्जी पुत्र रनवीर सिंह भी काम करता था। देवेन्द्र के मुहम्मद हुसैन पर 5 हजार रुपए उधार थे। रविवार की रात देवेन्द्र और मुहम्मद हुसैन के मध्य 5 हजार रुपए को लेकर विवाद हो गया तो हुसैन ने देवेन्द्र के मुंह और नाक में घूंसा मारकर चोटिल कर दिया। देवेन्द्र बेहोश होकर गिर गया, तभी किसी ने उसी के मोबाइल से 112 नंबर पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पहुची पीआरवी-1957 पुलिस ने पीड़ित देवेन्द्र, आरोपी मु. हुसैन और गवाह राकेश को उठाकर रविवार की रात 10ः30 बजे हवालात में बंद कर दिया। रातभर हवालात में बंद रखा, लेकिन भूखा प्यासा रखा गया। राकेश ने देवेन्द्र से कहा कि वीपी हाई हो रहा है, उसको बीड़ी दे दे, लेकिन बीड़ी नहीं मिल सकी। सोमवार को सुबह भी कुछ नहीं दिया गया। सुबह बिजली चली गई। भूखा प्यासा राकेश सोमवार की सुबह चक्कर खाकर हवालात में गिर गया। राकेश को निधौलीकलां अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से डाक्टर ने मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। यहां डाक्टर ने देवेन्द्र के गवाह राकेश को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने निधौलीकलां थाना प्रभारी जेपी अशोक और आरक्षी पिपिक को निलंबित कर दिया है।
एसएसपी ने बताया कि संज्ञान में आया कि थाने पर रात्रि में पीड़ित पक्ष को खाना नहीं दिया गया था। खाली पेट तथा गर्मी के चलते राकेश को चक्कर आना प्रतीत होता हुआ। प्रकरण में लापरवाही बरतने के चलते प्रभारी निरीक्षक थाना निधौली कला जेपी अशोक तथा आरक्षी लिपिक को निलंबित किया गया है। साथ ही जांच कराई जा रही है। अन्य जो भी जानकारी सामने आएगी उसके अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
@samachar24news
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें