पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर नगर के नौरंगाबाद स्थित ओम बाबा मंदिर में आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान सप्ताह यज्ञ श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ निरंतर जारी है। यह धार्मिक आयोजन 23 मई से 29 मई तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध भागवत आचार्य पंडित शीलेन्द्र कृष्ण दीक्षित अपने श्रीमुख से श्रीमद् भागवत कथा का रसपान करा रहे हैं। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, धर्म, भक्ति एवं मानव कल्याण से जुड़े प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जा रहा है, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो रहे हैं। कथा पंडाल में महिलाओं एवं पुरुषों की भारी भीड़ उमड़ रही है और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर दिखाई दे रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल सिकंदरा राव के समस्त पदाधिकारियों ने भागवत आचार्य का फूलमाला, पटका एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सक्सेना ने कहा कि पुरुषोत्तम मास में श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करने से व्यक्ति को मोक्ष की प्राप्ति होती है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक शांति का संचार होता है।
वहीं कथा महोत्सव के अंतर्गत रुक्मणी विवाह उत्सव का विशेष एवं भव्य आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक बारात मोहल्ला बगिया बारह सैनी स्थित राधा कृष्ण मंदिर से धूमधाम के साथ प्रारंभ होकर ओम बाबा मंदिर तक निकाली गई। बारात में भक्ति गीतों, आकर्षक झांकियों, बैंड-बाजों एवं धार्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ बारात में शामिल हुए और जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भगवान श्रीकृष्ण का स्वागत किया।
धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह व्याप्त है तथा पूरा नगर इन दिनों भक्तिमय वातावरण में रंगा नजर आ रहा है।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें