जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना समाधान दिवस के अवसर पर कोतवाली चंदपा में जनसमस्याओं की सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

हाथरस । 

थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ कोतवाली चंदपा में फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का मौके पर मुआयना कर निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से निस्तारण कराया जाए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विशेष रूप से भूमि संबंधी विवादों के मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम भेजकर मौके पर जांच करने तथा प्रत्येक शिकायत का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अवैध कब्जों एवं अतिक्रमण के मामलों को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि ऐसे प्रकरणों में पुलिस एवं प्रशासन समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। साथ ही थानों में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ शालीन, संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश भी दिए।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संवेदनशील रवैया अपनाया जाए तथा उन्हें संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय एवं प्रभावी प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराना है।

थाना समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली परिसर में संचालित पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी तैयारी, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने पुस्तकालय में उपलब्ध विभिन्न पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री का भी अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात उन्होंने महिला हेल्प डेस्क कक्ष एवं साइबर सहायता कक्ष का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



@#samachar24news

Post a Comment

और नया पुराने
Post ADS 2