कलेक्ट्रेट परिसर में संचालित पटलों का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
जनपद में शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट परिसर में संचालित विभिन्न पटलों एवं कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया।
जिला अनुश्रवण समिति (गौ संरक्षण) की बैठक के उपरांत जिलाधिकारी जब कलेक्ट्रेट परिसर से बाहर निकले, तभी एक फरियादी ने उनसे मिलकर अंत्योदय राशन कार्ड बनाए जाने में हो रहे विलम्ब के संबंध में अवगत कराया। फरियादी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी तत्काल जिला पूर्ति कार्यालय पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की समस्याओं का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय में तैनात कर्मचारियों से उनके कार्यों एवं दायित्वों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालय में अनुशासन बनाए रखते हुए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि जो भी फरियादी अपनी समस्या लेकर कार्यालय पहुंचे, उसकी समस्या को नियमों के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर सुना एवं निस्तारित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन को सरकारी कार्यालयों में सम्मानपूर्वक एवं सहज रूप से सेवाएं प्राप्त हों। यदि किसी प्रकरण में पात्रता एवं मेरिट है तो उसका निस्तारण बिना अनावश्यक विलंब के किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्ति अपनी मेहनत की कमाई खर्च कर कार्यालय तक पहुंचता है, इसलिए उसकी समस्या को गंभीरता से सुनना एवं उसका समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान जिलाधिकारी ने आयुध अनुभाग, वी0आई0पी0 सहायक/प्रकीर्ण लिपिक कार्यालय, जिला नगरीय विकास अभिकरण कार्यालय, राजस्व अभिलेखागार कक्ष का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नकल प्राप्त करने हेतु प्राप्त आवेदनों, निर्धारित शुल्क, नकल रजिस्टर एवं संबंधित पंजिकाओं का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि आवेदकों को समयबद्ध तरीके से नकल उपलब्ध कराई जाए तथा नकल प्रदान किए जाने के उपरांत संबंधित पंजिका पर आवेदक के हस्ताक्षर अवश्य कराए जाएं, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि सेवाएं समय से उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व में भी शासन स्तर से निर्देश जारी किए जा चुके हैं कि किसी भी समय औचक निरीक्षण किए जा सकते हैं। ऐसे में सभी विभाग अपने कार्यों में सक्रियता एवं पारदर्शिता बनाए रखें। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनसुनवाई एवं शिकायत निस्तारण में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समय से योजनाओं का लाभ मिले तथा जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित हो सके। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकरी एवं पटल सहायक आदि उपस्थित रहे।
@#samachar24news


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें