स्व-गणना कार्य को जन-जन तक पहुंचाने, अधिक से अधिक नागरिकों को इसमें सहभागी बनाने तथा अभियान को सफल बनाने हेतु समीक्षा बैठक में विस्तृत चर्चा

हाथरस। 

उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित जनगणना-2027 के प्रथम चरण ‘‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’’ के अंतर्गत दिनांक 07 मई 2026 से संचालित स्व-गणना (Self Enumeration) अभियान की प्रगति एवं प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में समीक्षा बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी श्री पी.एन. दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में स्व-गणना कार्य को जन-जन तक पहुंचाने, अधिक से अधिक नागरिकों को इसमें सहभागी बनाने तथा अभियान को सफल बनाने हेतु विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने स्व-गणना हेतु नामित नोडल अधिकारियों द्वारा कराए जा रहे कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद में स्व-गणना की प्रक्रिया को और अधिक गति प्रदान की जाए तथा प्रत्येक पात्र परिवार तक इसकी जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में आमजन की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है और स्व-गणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार एवं मकान संबंधी विवरण ऑनलाइन दर्ज कर पारदर्शिता एवं शुद्धता सुनिश्चित कर सकते हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्व-गणना प्रणाली लागू होने से आंकड़ों की गुणवत्ता में सुधार आएगा तथा त्रुटियों की संभावना न्यूनतम रहेगी। इससे समय की बचत के साथ-साथ जनगणना प्रक्रिया अधिक सरल, सुगम एवं पारदर्शी बनेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, शिक्षण संस्थानों तथा अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग स्वेच्छा से स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लें।


उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आमजन को स्व-गणना पोर्टल एवं प्रक्रिया के संबंध में जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाया जाए तथा जिन नागरिकों को तकनीकी सहायता की आवश्यकता हो, उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि प्रत्येक अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में जनजागरूकता बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करें।

बैठक के दौरान जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी ने स्व-गणना अभियान की वर्तमान प्रगति, पोर्टल पर प्राप्त आंकड़ों तथा आगामी कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में स्व-गणना अभियान को सफल बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं नामित नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।



@#samachar24news

Post a Comment

और नया पुराने
Post ADS 2