एनएचएआई संख्या-509 (आगरा अलीगढ) के निर्माण, विस्तारीकरण हेतु अधिग्रहीत भूमि के सम्बन्ध में प्रतिकर भुगतान तथा भूमि पर कब्जा परिवर्तन, दिलाए जाने के सम्बन्ध में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार बैठक आयोजित की गईं।
समीक्षा बैठक के दौरान पाया गया कि कार्यों में प्रगति संतोषजनक नहीं है। जिस पर जिलाधिकारी ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए लम्बित कार्यों को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिससे राजमार्ग का निर्माण कार्य समय से पूर्ण किया जा सके और आमजन को लाभ मिल सके। इस दौरान उन्होंने मार्ग में तहसीलवार आने वाले क्षेत्र के सम्बन्ध में विस्तार पूर्वक समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारी व एनएचएआई टीम को सयुक्त रूप से भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अधिग्रहित भूमि के पात्र किसानों, भू-स्वामियों को प्रतिकर का भुगतान पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में किसी प्रकार की आपत्ति या विवाद लंबित है, उनका त्वरित समाधान कराते हुए नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि परियोजना प्रभावित न हो। उन्होंने एनएचएआई एवं संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर प्रतिकर भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, वहां तत्काल प्रभाव से भूमि पर कब्जा दिलाने की कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही निर्माण कार्य में तेजी लाने हेतु सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना जनपद के विकास एवं आवागमन की सुविधा के दृष्टिगत अत्यंत महत्वपूर्ण है। अतः सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें और नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करते रहें। कार्य में आने वाली बाधाओं, समस्याओं की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, जिससे समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों से संवाद स्थापित कर उन्हें प्रतिकर भुगतान एवं अधिग्रहण प्रक्रिया के संबंध में पूरी जानकारी दी जाए, जिससे किसी प्रकार की भ्रांति की स्थिति उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ करें, ताकि एनएचएआई संख्या-509 परियोजना का कार्य समय से पूर्ण हो सके।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, उप जिलाधिकारी सदर, सादाबाद, सासनी, पटल लिपिक, प्रभारी अधिकारी एनएचएआई आदि उपस्थित रहे।
@#samachar24news



एक टिप्पणी भेजें