अपर पुलिस महानिदेशक ने किया थाना सासनी का आकस्मिक निरीक्षण एवं शासन की प्राथमिकताओं, अभियानों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
अपर पुलिस महानिदेशक आगरा एसके भगत ने जनपद हाथरस के थाना सासनी का आकस्मिक निरीक्षण किया। थाना परिसर पर आगमन पर गार्द द्वारा सलामी दी गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक रमानंद कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, कम्प्यूटर कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क, महिला हेल्प डेस्क, हवालात, मालखाना, शस्त्रागार, मैस एवं थाना परिसर आदि का गहन निरीक्षण किया । थाना कार्यालय के विभिन्न अभिलेखों, रजिस्टरों, महिला हेल्प डेस्क एवं साइबर हेल्प डेस्क के रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए अभिलेखों को अद्यावधिक रखने, शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा जनता से संवेदनशील व्यवहार करने हेतु निर्देशित किया । शासन एवं मुख्यालय स्तर से संचालित प्राथमिकताओं एवं अभियानों की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, मिशन शक्ति, जनसुनवाई, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, बीट पुलिसिंग, यातायात व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान शस्त्रागार एवं शस्त्रों की साफ-सफाई एवं रखरखाव की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाना परिसर में खड़े माल मुकदमाती एवं अन्य वाहनों के उचित रखरखाव, शीघ्र नीलामी की कार्यवाही कराने तथा थाना परिसर की बेहतर साफ-सफाई बनाए रखने हेतु क्षेत्राधिकारी नगर एवं प्रभारी निरीक्षक थाना सासनी को निर्देशित किया।
इसके साथ ही एडीजी ने मुख्यालय स्तर से संचालित “यक्ष एप” पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण फीडिंग सुनिश्चित करने तथा मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करने हेतु निर्देशित किया। निरीक्षण उपरान्त अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर 12 मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को शिक्षा के महत्व, अनुशासन, मेहनत एवं उज्ज्वल भविष्य के संबंध में प्रेरणादायक बातें बताईं। साइकिल पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे तथा उनके अभिभावकों ने पुलिस विभाग के इस संवेदनशील प्रयास की सराहना की।
@#samachar24news




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें