जिलाधिकारी ने की स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पतालों की व्यवस्थाओं तथा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपद में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पतालों की व्यवस्थाओं तथा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को किए जाने वाले भुगतान तथा मंत्रा एप पर डेटा फीडिंग की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों पर जन्म लेने वाले बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से तैयार किए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल सहित समस्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, वार्डों, अस्पताल परिसरों तथा प्रसव कक्षों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पतालों में फ्लाई कैचर की समुचित व्यवस्था करने को भी कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रसव कराने हेतु अपंजीकृत अस्पतालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि जनसामान्य के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान यदि बैठक में दिए गए निर्देशों का अनुपालन नहीं पाया गया तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, आईपीडी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, पैथोलॉजी, जननी सुरक्षा योजना, एफआरयू, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके), परिवार नियोजन, राष्ट्रीय अंधता एवं दृष्टिक्षीणता नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, एम्बुलेंस सेवा 108 एवं 102, पीपीपी परियोजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड निर्माण, नियमित टीकाकरण, जन्म-मृत्यु पंजीकरण तथा पीसीपीएनडीटी अधिनियम सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, समस्त एमओआईसी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें