श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व शुक्रवार को निकाली गई भव्य कलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु गाजे-बाजे और भजनों की धुन पर झूमते नजर आए। पीले और पारंपरिक वस्त्र पहने महिलाओं के सिर पर कलश आकर्षण का मुख्य केंद्र था, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। नगर के मोहल्ला बगिया बारहसैनी स्थित राधा कृष्ण मंदिर से विधि विधान के साथ पूजा अर्चना करके कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ जो नगर के चूड़ी मार्केट, तिराहा बाजार, बड़ा बाजार से होती हुई मोहल्ला नौरंगाबाद पश्चिमी स्थित ओम बाबा मंदिर पर संपन्न हुई जहां अगले 7 दिन 23 मई दिन शनिवार से कथा व्यास पंडित शीलेंद्र कृष्ण दीक्षित द्वारा पुरुषोत्तम मास की उपलक्ष में श्रीमद् भागवत ज्ञान कथा की अमृत वर्षा की जाएगी। कथा का आयोजन श्री राम कृष्ण दास त्यागी बाबा द्वारा किया जा रहा है।
कलश यात्रा की शुरुआत से पहले गणेश पूजन, गौ पूजन, कन्या पूजन, ब्राह्मण पूजन किया गया। राष्ट्रीय विप्र एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मित्रेश चतुर्वेदी, पूर्व सभासद चेतन शर्मा एवं धर्मेंद्र शर्मा एडवोकेट, दवा व्यवसायी राजीव चतुर्वेदी ने स्मृति चिन्ह भेंट करके तथा पटका उढा कर कथा व्यास पंडित शीलेंद्र कृष्ण दीक्षित को सम्मानित किया। कलश यात्रा में शामिल कन्याएं व महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश लिए हुए चल रही थीं और आगे डीजे-बाजे की धुन पर युवा थिरक रहे थे। जल लेकर आने के बाद कलश को यज्ञ स्थल पर भी वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्थापित किया गया। रास्ते में जयकारों से श्रद्धालुओं ने वातावरण को गुंजायमान रखा।
आयोजक श्री राम कृष्ण दास त्यागी बाबा ने बताया कि 23 मई से सात दिवस तक प्रतिदिन दोपहर दो बजे से कथा व्यास पंडित शीलेंद्र कृष्ण दीक्षित द्वारा कथा प्रवचन किया जाएगा।
कथा वाचक श्री दीक्षित ने बताया कि सनातन धर्म में जल कलश शोभायात्रा का बहुत बड़ा महत्व है। कलश हमारे जीवन के हर क्षण में काम आता है। जन्म के समय भी कलश स्थापना की जाती है और मरने के बाद भी शरीर के साथ कलश विसर्जित किया जाता है। यह कलश यात्रा जिस क्षेत्र में निकाली जाती है वहां का वातावरण मंगलमय हो जाता है।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सक्सेना, राष्ट्रीय विप्र एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मित्रेश चतुर्वेदी, पूर्व सभासद चेतन शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा एडवोकेट, गिरीश मोहन गुप्ता, वैभव वार्ष्णेय, शरद वार्ष्णेय , विमल उपाध्याय, राजीव चतुर्वेदी, राजू सूफी, आरती त्रिवेदी, मीरा माहेश्वरी, संतोष पौरुष, अंशुल सेंगर, उमेश वार्ष्णेय, विपिन लाल, गणेश महेश्वरी, रिंकू वार्ष्णेय, राहुल वार्ष्णेय , निधीश वार्ष्णेय , विष्णु वार्ष्णेय , मनीष वार्ष्णेय , संजीव दीक्षित , संजीव वार्ष्णेय , ब्रजेश वार्ष्णेय आदि मौजूद थे।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें