घर में सो रहे दंपती पर तेजाब डाल कर किया घायल, आरोपी गिरफ्तार
सिकंदराराऊ गत रात्रि कोतवाली क्षेत्र के गांव मुगलगढी में घर में सो रहे दंपती के ऊपर गांव के ही एक व्यक्ति ने रुपयों के लेन-देन के विवाद के चलते तेजाब डाल कर घायल कर दिया । सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल दंपति को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया तथा कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम मुगलगढ़ी निवासी एक व्यक्ति जितेन्द्र कुमार द्वारा थाना सिकन्द्राराऊ पर सूचना दी गई कि 17 अगस्त को समय करीब रात्रि 11.00 बजे वह अपनी पत्नी के साथ घर के बरामदे में सो रहा था, तभी उनके गांव का ही एक व्यक्ति अरविन्द पुत्र कोमल सिंह द्वारा घर में घुसकर उसकी पत्नी के चेहरे व उसके ऊपर तेजाब डाल दिया है,जिससे वह घायल हो गए हैं । सूचना पर तत्काल प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह द्वारा मय पुलिस फोर्स के घटनास्थल पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी की गई तथा घायलों को चिकित्सीय परीक्षण हेतु अस्पताल भिजवाया गया । घटना के सम्बन्ध में वादी से प्राप्त लिखित तहरीर के आधार पर थाना सिकन्द्राराऊ पर सुसंगत धाराओं में नामजद अभियोग पंजीकृत किया गया है। वादी व पीड़िता इलाजोपरांत अपने घर ग्राम मुगलगढ़ी में है । पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए अभियोग में नामजद अभियुक्त अरविन्द पुत्र कोमल सिंह निवासी मुगलगढ़ी थाना सिकन्द्राराऊ जनपद हाथरस को गिरफ्तार कर लिया गया है । अब तक की गई पूछताछ से वादी मुकदमा व अभियुक्त जितेंद्र उपरोक्त के बीच रूपयों के लेन देन को लेकर विवाद होना पाया गया है। पुलिस द्वारा अग्रेत्तर विधिक कार्यवाही की जा रही है । कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है ।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें