महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया 76वाँ स्वतंत्रता दिवस
सिकंदराराऊ सोमवार को महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बड़े हर्षोल्लास के साथ 76वाँ स्वतंत्रता दिवस- आजादी का अमृत महोत्सव प्राचार्या डॉ.शैफाली सुमन के कुशल दिशा-निर्देशन में मनाया गया। समारोह की शुरुआत प्राचार्या डॉ.शैफाली सुमन ने सुबह 8 बजे ध्वजारोहण कर की। इस अवसर पर डॉ.राम बहादुर, डॉ.हिमांशु राय, श्री वी.पी. सिंह, श्री बृजमोहन एवं अन्य जन भी उपस्थित थे। ध्वजारोहण के बाद महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में व्यापक स्तर पर सहभागिता की। सुरजीत , हिमांशु , विकास, डॉली, आरती ने देशभक्ति से ओतप्रोत भाषण दिए। महक, आतिका, सुमबुल, लाइवा, गुंजन ने देशभक्ति गीतों का गायन किया। वहीं आकाश, फरमान और दुष्यंत ने राष्ट्र भावना को प्रबल करने वाली ओजस्विपूर्ण कविताएं गाकर समारोह को राष्ट्रवादी भावना से ओतप्रोत कर दिया। डॉ.राम बहादुर ने आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के बाद भी राष्ट्र के रूप में वर्तमान में भारत के समक्ष उपस्थित प्रमुख चुनौतियों को भी छात्र-छात्राओं के समक्ष रखा। डॉ.हिमांशु राय ने आगामी 25 वर्षों में राजनीति को और अधिक लोकतांत्रिक एवं समावेशी बनाने हेतु आवश्यक पहलुओं की तरफ छात्र-छात्राओं का ध्यान आकर्षित किया। प्राचार्या डॉ.शैफाली सुमन ने एक राष्ट्र के रूप में भारत की अब तक की यात्रा को एक बड़ी उपलब्धि बताया तथा उन्होंने अभी भी अंतिम जन को राष्ट्रीय धारा में शामिल करने हेतु सरकार एवं समाज द्वारा और अधिक पहल करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के संचालक वी.पी. सिंह ने समारोह को सफल बनाने के लिए सभी का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें