सड़क के किनारे अचेत अवस्था में पड़ा मिला ई रिक्शा चालक, ई रिक्शा को लूट कर ले गए अज्ञात बदमाश
सिकंदराराऊ
भाड़े पर बुक करके अज्ञात बदमाश ई-रिक्शा लूट कर ले गए और चालक को बेहोश करके एटा रोड स्थित गांव मुगलगढी के पास सड़क के किनारे फेंक गए। पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराने के बाद ई रिक्शा चालक को उसके घर भेज दिया है।
पुरदिलनगर कस्बा चौकी प्रभारी सोनू राजौरा ने बताया कि बाल किशन पुत्र थान सिंह उम्र करीब 42 वर्ष निवासी ललिता गेट सिचावली रोड कस्बा पुरदिलनगर थाना सिकंदराराऊ जनपद हाथरस का निवासी है, जो मंगलवार को जलेसर अड्डे सिकंदराराऊ पर दोपहर 3:00 बजे सवारी का इंतजार कर रहा था । तभी दो व्यक्ति उसके पास आए और मुगलगढ़ी गांव के लिए उसे भाड़े पर बुक करके ले गए। रास्ते में उन्होंने नशीला पदार्थ सुंघा कर उसे बेहोश करके सड़क के किनारे फेंक दिया और उसका ई रिक्शा लेकर चंपत हो गए। बालकिशन बेहोशी की अवस्था में रात भर सड़क के किनारे पड़ा रहा। परिजनों को उसके घर न पहुंचने पर चिंता हुई तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। बुधवार को बालकिशन अर्द्ध मूर्छित अवस्था में सड़क के किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने उसे वहां से उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से उपचार के उपरांत उसे घर भेज दिया गया। ई-रिक्शा का कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस ई रिक्शा तथा बदमाशों की तलाश में जुटी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें