होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति के जनपद आगमन पर पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर ने सलामी दी
मंत्री ने पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण, जल संचयन तथा पॉलीथीन के स्थान पर कपड़े के थैलों के उपयोग को अपनाने का किया आह्वान हाथरस।
वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान (एक पेड़ माँ के नाम) के अंतर्गत पुलिस लाइन परिसर में जनपद स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम का राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग उ०प्र० सरकार धर्मवीर प्रजापति ने आम का पौध लगाकर वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया और आम जनमानस को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ कहा कि पेड़ लगाओ पर्यावरण बचाओ।
इस मौके पर उपस्थित सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंद्राराऊ वीरेन्द्र सिंह राणा, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार सिंह, जिला अध्यक्ष भाजपा प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाध्यक्ष अपना दल रवि सारस्वत, जिलाध्यक्ष रालोद श्याम सिंह, सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, प्रभागीय वनाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी के अलावा अन्य उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों, जनप्रतिनिधिगणों, एनसीसी एंव स्काऊट गाइड के छात्र/छात्राओं ने फलदार पौधों का रोपण किया और वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान के साक्षी बने।
पौध रोपड़ के पश्चात पुलिस लाइन ऑडिटोरियम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग उ०प्र० सरकार श्री धर्मवीर प्रजापति जी की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर मंच पर उपस्थित मंत्री जी के अलावा जनप्रतिनिधिगणों का पौध भेटकर स्वागत किया गया। स्वागत की कड़ी में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, सादाबाद की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। छात्राओं की उत्कृष्ट प्रस्तुति पर मंत्री ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए पुरस्कार स्वरूप धनराशि प्रदान की। इस अवसर पर प्रभारी नोडल अधिकारी ने वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान के अंतर्गत जनपद में किए गए पौधरोपण तथा संचालित कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए अभियान की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों एवं जनसहभागिता से संचालित गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान एक पेड़ माँ के नाम के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री धर्मवीर प्रजापति जी ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया एक पेड़ माँ के नाम अभियान केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति और अपनी मातृशक्ति के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराने वाला जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में जलवायु परिवर्तन, अनियमित वर्षा, बढ़ती गर्मी तथा लगातार गिरते भूजल स्तर ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यदि समय रहते प्रकृति का संरक्षण नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकटों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने अपने बचपन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले जल स्रोतों में पर्याप्त पानी रहता था, वर्षा नियमित होती थी और मौसम संतुलित रहता था, जबकि आज प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव के कारण स्थिति बदल गई है। मंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी ने पूरे विश्व को ऑक्सीजन और वृक्षों के महत्व का वास्तविक एहसास कराया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का सम्मान और संरक्षण मानव जीवन की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के साथ जल संरक्षण पर भी विशेष बल देते हुए कहा कि पानी का अनावश्यक उपयोग रोकना समय की मांग है। उन्होंने पॉलीथीन के प्रयोग को कम करने तथा उसकी जगह कपड़े के थैले अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पॉलीथीन न केवल पर्यावरण को प्रदूषित करती है, बल्कि भूजल संरक्षण में भी बाधक बनती है। मंत्री ने बच्चों और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि यदि नई पीढ़ी प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक होगी तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन स्वतः दिखाई देगा। उन्होंने विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रमों के नियमित आयोजन पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ हवा, सुरक्षित जल और संतुलित पर्यावरण हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी धरोहर हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को पौधरोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाते हुए पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
सांसद ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सर्वप्रथम मुख्य अतिथि को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर संचालित ''एक पेड़ माँ के नामष'' अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने इस अभियान को व्यापक रूप से आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अमूल्य हैं। वृक्ष हमें ऑक्सीजन, फल, छाया और स्वच्छ पर्यावरण प्रदान करते हैं तथा जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंद्राराऊ वीरेन्द्र सिंह राणा, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने मुख्य अतिथि माननीय मंत्री को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वृक्ष प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं और पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी, अनियमित वर्षा और जलवायु परिवर्तन का प्रमुख कारण वृक्षों की निरंतर कटाई है। इसलिए अधिक से अधिक पौधरोपण कर उनका संरक्षण करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों का विशेष महत्व रहा है। तुलसी, अशोक सहित विभिन्न पौधों को धार्मिक एवं सामाजिक परंपराओं से जोड़कर सदैव संरक्षण दिया गया है। प्रधानमंत्री के एक पेड़ माँ के नाम अभियान ने पौधरोपण को जनभावना से जोड़ते हुए जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। उन्होंने सभी से एक पेड़ माँ के नाम के साथ एक पेड़ पिता के नाम भी लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं से अपने घर, विद्यालय, पार्क, छत अथवा उपलब्ध स्थान पर पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही यह अभियान सफल होगा।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मंचासीन अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए सर्वप्रथम मंत्री को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सामान्यतः व्यक्ति रविवार और अपने जन्मदिन को विश्राम का दिन मानता है, लेकिन मंत्री ने अपने जन्मदिवस पर भी जनसेवा और पर्यावरण संरक्षण के अभियान को प्राथमिकता देकर यह संदेश दिया है कि कर्तव्य सर्वाेपरि होता है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा सौंपे गए दायित्वों के प्रति मंत्री की निष्ठा, समर्पण और कार्यशैली सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। जिलाधिकारी ने कहा कि मंत्री जी ने अपने बचपन के अनुभव साझा करते हुए प्रकृति संरक्षण और पर्यावरणीय चुनौतियों का उल्लेख किया, जो अत्यंत प्रेरणादायक रहा। जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत की सराहना करते हुए छात्राओं, शिक्षकों एवं पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनका संरक्षण करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर केक काटकर उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई। कार्यक्रम स्थल पर आत्मीय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण रहा।
@#samachar24news


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें