शासन द्वारा संचालित लाभार्थीपरक योजनाओं के प्रभावी प्रबंधन, समयबद्ध लक्ष्य निर्धारण, पारदर्शी संचालन, पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत आच्छादन तथा जनसामान्य को सरकारी सुविधाएं सरलता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फैमिली आईडी (एक परिवार-एक पहचान) योजना संचालित की जा रही है।
मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने बताया कि विभिन्न विभागों की लाभार्थीपरक योजनाओं से वंचित पात्र लाभार्थियों के नवीन आवेदन कराए जाने के उद्देश्य से रविवार को जनपद के सभी विकास खण्डों की समस्त ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के फील्ड स्टाफ द्वारा पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उनके आवेदन कराए गए।
उन्होंने बताया कि अभियान के प्रभावी संचालन एवं निगरानी के लिए पंचायती राज विभाग के समस्त सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को सुपरविजन का दायित्व सौंपा गया था। इसके अतिरिक्त संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों ने स्वयं भी क्षेत्र का भ्रमण कर अभियान की मॉनिटरिंग की। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से जनपद के सभी विकास खण्डों में कुल 504 नवीन आवेदन कराए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि फैमिली आईडी योजना की प्रगति में प्रतिदिन वृद्धि सुनिश्चित की जाए तथा पात्र लाभार्थियों का अधिकाधिक पंजीकरण कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कार्य में अपेक्षित रुचि न लेने पर जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं संबंधित सहायक विकास अधिकारी सि0राऊ, सहायक विकास अधिकारी हाथरस (पंचायत) के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने के लिए जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को निर्देशित किया। साथ ही सभी अधिकारियों को अभियान को पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ संचालित करते हुए पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें