हाथरस-कासगंज (मथुरा-बरेली) राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का लिया जायजा, दिए आवश्यक निर्देशहाथरस।
श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ हाथरस-कासगंज (मथुरा-बरेली) राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने हाथरस बाईपास (रुहेरी कट) से कासगंज जनपद की सीमा तक विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने सलेमपुर, रती का नगला, पंत चौराहा, सिकंदराराऊ बाईपास, फायर स्टेशन सिकंदराराऊ, अगसौली सहित प्रमुख स्थलों, प्रस्तावित शिविर स्थलों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एनएचएआई के अधिकारियों को जहां आवश्यक हो वहां रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मार्ग पर क्षतिग्रस्त अथवा मरम्मत योग्य स्थानों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल ठीक कराने के भी निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए पृथक लेन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे तथा सामान्य यातायात भी बाधित न हो। उन्होंने पंत चौराहा, सिकंदराराऊ बाईपास एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर हाईमास्ट लाइट लगाने तथा पंत चौराहा एवं कांवड़ मार्गों पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि स्थापित किए जाने वाले सभी शिविरों में शासन के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। प्रत्येक शिविर में पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, डस्टबिन, चिकित्सा सुविधा, मेडिकल किट एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही विद्युत सुरक्षा के दृष्टिगत विद्युत पोलों को आवश्यकतानुसार पॉलिथीन से कवर कराने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं तथा प्रत्येक व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत, एनएचएआई के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें