खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश दिनांक 27 जुलाई, 2026 तथा शासनादेश दिनांक 30 दिसम्बर, 2021 के क्रम में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में उत्कृष्ट प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 40 अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को रूपये 1.50 लाख प्रतिमाह मानदेय पर प्रशिक्षण हेतु आबद्ध किए जाने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि यह व्यवस्था खेल विभाग के अधीन संचालित 34 आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में 16 खेलों- हैंडबॉल (महिला), फुटबॉल, क्रिकेट, बॉक्सिंग, जूड़ो (पुरुष), हॉकी, तैराकी, वॉलीबॉल, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, कबड्डी, कुश्ती एवं तीरंदाजी (पुरुष/महिला) के खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए की जा रही है। जनपद हाथरस के इच्छुक अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी/प्रशिक्षक निर्धारित आवेदन पत्र पूर्ण रूप से भरकर 08 अगस्त, 2026 को सायं 5ः00 बजे तक किसी भी कार्यदिवस में जिला खेल कार्यालय, स्पोर्ट्स स्टेडियम, हाथरस में जमा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदनकर्ता की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना अनिवार्य है। खेल योग्यता के अंतर्गत ओलंपिक खेल, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स अथवा विश्व कप/विश्व चौंपियनशिप जैसी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया होना आवश्यक है। इन प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं को वरीयता प्रदान की जाएगी। साथ ही पद्मश्री, खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार अथवा ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों एवं ऐसे प्रशिक्षकों, जिन्होंने ओलंपिक, विश्व कप, एशियन गेम्स अथवा कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय टीम को प्रशिक्षण दिया हो, उन्हें संबंधित प्रमाण-पत्रों सहित अपना विवरण प्रस्तुत करना होगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जो अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी पूर्व में आवेदन कर चुके हैं, उन्हें पुनः आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें