श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए डीएम ने दिए निर्देश
श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के अलावा संबंधित अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक करते हुए शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन एवं आवश्यक कार्यो को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने शासन के द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी देने के साथ ही कहा कि इस माह के अंत से सावन का महीना प्रारंभ होने के साथ ही कांवड़ियों का आना-जाना शुरू हो जायेगा। कांवड़ यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सुविधाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने यात्रा मार्गों की सभी सड़कें पूर्णतः गड्ढा मुक्त कराने, संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा की दृष्टि से सैंड बैग लगाने, विद्युत पोलों को पॉलिथीन से ढककर सुरक्षित बनाया जाने तथा मार्गों के किनारे उगी झाड़ियों की तत्काल कटाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही फुटपाथ एवं सड़कों पर जलभराव की स्थिति न बनने देने के लिए प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा गड्ढों पर मिट्टी डलवाकर यात्रा मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ब्लॉक स्पॉट स्थलों का मौके पर निरीक्षण कर समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। सुनिश्चित करना है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की आवागमन में समस्या न हो। रूट परिवर्तन के लिए कार्ययोजन तैयार करने के निर्देश दिए। हाथरस कासगंज (मथुरा बरेली मार्ग) तथा आगरा अलीगढ़ मार्ग पर कांवड़ियों के आने जाने का मुख्य मार्ग है। विद्युत पोल पर लाइट लगाने के निर्देश दिए। विद्युत के तारों की जांच अवश्य कर ले कि कहीं पर नीचे तो नहीं है। सुनिश्चित करे कि कावड़ शिविर मुख्य मार्ग से निश्चित दूरी पर ही लगाए जाए, ताकि किसी को किसी प्रकार की समस्या ना हो। बड़े साइज का साइनेज रेडियम युक्त स्थापित करने के निर्देश दिए। शिविरों पर मेडिकल किट एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कांवड़ यात्रा के दौरान स्थापित सरकारी/प्राइवेट शिविर की सूची मोबाइल नंबर सहित तैयार करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस को संबंधित विभागों के साथ अपने-अपने क्षेत्रों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि जहां भी कोई कमी मिले, उसे तत्काल दूर कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी तैयारियां पूर्ण करें ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को संबंधित उप जिलाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, यातायात निरीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें