मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) जनपद हाथरस के जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इसी कड़ी में विकास खण्ड मुरसान की ग्राम पंचायत दयालपुर निवासी श्रीमती रामवती पत्नी छोटेलाल के जीवन में यह योजना नई उम्मीद और खुशहाली लेकर आई है।
लगभग 50 वर्षीय श्रीमती रामवती अनुसूचित जाति वर्ग से हैं तथा दिव्यांग होने के बावजूद अपने पति एवं तीन बच्चों के साथ लंबे समय तक कच्चे मकान में रहने को विवश थीं। बरसात में मकान टपकता था, गर्मी और सर्दी के मौसम में भी परिवार को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। परिवार की आजीविका का मुख्य साधन मनरेगा सहित अन्य मजदूरी कार्य था, जिससे किसी प्रकार घर का खर्च चलता था।
मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पक्का आवास स्वीकृत होने के बाद आज रामवती का परिवार सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन जी रहा है। अब उनका परिवार अपने स्वयं के पक्के मकान में खुशहाली के साथ निवास कर रहा है। आवास के साथ-साथ उन्हें बिजली कनेक्शन, उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन, पात्र गृहस्थी राशन कार्ड तथा शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी लाभ प्राप्त हुआ है।
श्रीमती रामवती बताती हैं कि पहले हर वर्ष आंधी, तूफान और बरसात के समय परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी, लेकिन अब पक्का मकान मिलने से यह चिंता पूरी तरह समाप्त हो गई है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री आवास योजना ने उनके परिवार को सुरक्षित आशियाना ही नहीं, बल्कि सम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने का अवसर भी प्रदान किया है।
श्रीमती रामवती ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उत्तर प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना ने उनके परिवार का जीवन बदल दिया है। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) आज वास्तव में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए सम्मानजनक जीवन और खुशहाली का मजबूत आधार बन रही है।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें