जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हाथरस की सचिव ने बाल कल्याण समिति कार्यालय का किया निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
माननीय उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के क्रम में एवं जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-तृतीय के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हाथरस की सचिव अनु चौधरी द्वारा आज बाल कल्याण समिति, हाथरस के कार्यालय एवं न्यायालय कक्ष का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य देखरेख और संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के मामलों की स्थिति और उन्हें मिलने वाले विधिक अधिकारों की समीक्षा करना था। निरीक्षण के दौरान सचिव ने बाल कल्याण समिति के समक्ष चल रहे विभिन्न मामलों की पत्रावलियों और कार्यालय के रख-रखाव से जुड़े अभिलेखों का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने समिति के अध्यक्ष और सदस्यों से बच्चों के पुनर्वास, गोद लेने की प्रक्रिया और संरक्षण गृहों में भेजे गए बच्चों के मामलों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। सचिव ने सीडब्ल्यूसी के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम के तहत बच्चों से जुड़े मामलों, विशेषकर लावारिस, पीड़ित या शोषित बच्चों के वादों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता बरतना अत्यंत आवश्यक है ताकि किसी भी बच्चे का भविष्य अंधकारमय न हो। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में आने वाले बच्चों और उनके परिजनों के बैठने, पीने के पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। सचिव ने स्पष्ट किया कि यदि समिति के समक्ष आने वाले किसी भी पीड़ित बच्चे या उसके परिवार को कानूनी मदद या अधिवक्ता की आवश्यकता होती है, तो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता और काउंसिलिंग की सुविधा तुरंत प्रदान की जाए। उन्होंने बाल कल्याण समिति, विशेष किशोर पुलिस इकाई और जिला बाल संरक्षण इकाई के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया, जिससे पीड़ित बच्चों को न्याय और पुनर्वास का लाभ तुरंत मिल सके। उन्होंने समिति को निर्देश दिए कि वे क्षेत्र में बाल श्रम और बाल भिक्षावृत्ति के खिलाफ भी सक्रियता से कार्य करें।
इस अवसर पर बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष, बवीता अग्रवाल, सदस्यगण मनोज कुमार शर्मा, विनोद कुमार चौधरी, भानुप्रताप सिंह, अनुपमा शर्मा चाइल्ड हेल्प लाइन से काउन्सलर सुमित कुमार उपाध्याय और कर्मचारी उपस्थित मिले।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें