मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के सत्र 2026-27 का शुभारंभ, विद्यार्थियों को मिलेगी निशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंगहाथरस।
समाज कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजनान्तर्गत सत्र 2026-27 का पी.सी. बागला महाविद्यालय, हाथरस में शुभारंभ विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह एवं जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया और छात्र छात्राओं को भविष्य में प्रशासनिक, शैक्षिक एवं अन्य उच्च पदों पर पहुंचने के लिए शुभकामनाएं दीं।
विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का सुनहरा अवसर है। उन्होंने जिलाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उनकी सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है, बल्कि लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ तैयारी करनी होगी। उन्होंने विद्यालय में ऑडिटोरियम, स्टेडियम एवं अन्य सुविधाओं के विकास के लिए विद्यालय प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विद्या सबसे बड़ा धन है, जिसे न कोई चुरा सकता है और न ही बांट सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से परिवार के कार्यों में सहयोग करने, समय का सदुपयोग करने तथा आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार एवं समाज कल्याण विभाग विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से अब आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को बेहतर प्रतियोगी परीक्षा की कोचिंग के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने विद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा सबसे बड़ी शक्ति है और इसका कोई बंटवारा नहीं हो सकता। सभी विद्यार्थियों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाकर हाथरस का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने छात्र-छात्राओं से कहा कि आज के समय में उनका सबसे बड़ा प्रतिस्पर्धी कोई अन्य विद्यार्थी नहीं, बल्कि सोशल मीडिया हैं, जो पढ़ाई के दौरान ध्यान भटकाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल का सीमित एवं सकारात्मक उपयोग करते हुए अनुशासन के साथ नियमित अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि केवल कोचिंग महत्वपूर्ण नहीं होती, बल्कि सही गुरु और उचित मार्गदर्शन सफलता की कुंजी है। इसलिए विद्यार्थियों को गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और समर्पण ही सफलता का आधार है। अपने गुरुजनों का सम्मान करते हुए उनसे अधिक से अधिक सीखने का प्रयास करना चाहिए। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने का आह्वान करते हुए कहा कि अर्जुन की तरह लक्ष्य पर एकाग्र होकर तैयारी करने से सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क कोचिंग और विशेषज्ञ शिक्षकों का पूरा लाभ उठाकर छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करें तथा हाथरस का नाम रोशन करें। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि विद्यार्थियों की शैक्षिक सुविधाओं के विकास के लिए प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
कार्यक्रम के दौरान उप जिलाधिकारी सदर राजबहादुर सिंह एवं प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट शुभेन्द्र गोपाल तथा महा विद्यालय के प्राचार्य डा महावीर सिंह छोंकर ने छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मेहनत, लगन और एकाग्रता के साथ अध्ययन करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पूरे मनोयोग से तैयारी करने पर सफलता अवश्य मिलती है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का शुभारंभ वर्ष 2022 में किया गया था। योजना के अंतर्गत अभ्यर्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग एवं विशेषज्ञों द्वारा गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना में आवेदन के लिए किसी भी प्रकार की आय अथवा जाति संबंधी कोई बाध्यता नहीं है। जनपद का कोई भी इच्छुक अभ्यर्थी, चाहे वह किसी भी वर्ग का हो, निर्धारित पात्रता के अनुसार आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत जनपद के प्रतिभाशाली एवं उत्साही विद्यार्थियों को सिविल सर्विसेज, जेईई, नीट, एनडीए, सीडीएस, एसएससी, बैंकिंग, बी.एड. तथा टीईटी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क मार्गदर्शन एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिल सके। पी.सी. बागला महाविद्यालय, हाथरस में कल दिनांक 01 जुलाई, 2026 को दोपहर 02ः00 बजे से कक्षाएं संचालित की जायेगी।
कार्यक्रम के अंत में जिला विकास अधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन एवं मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम के दौरान जिला विछडा वर्ग कल्याण अधिकारी, अन्य अधिकारी,कर्मचारी, छात्र छात्राएं आदि उपस्थित रहें।
@#समाचार24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें