राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत जनपद के 492 वरिष्ठ नागरिकों को 2,656 सहायक उपकरण वितरित कर किया लाभान्वित
राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम, हाथरस में भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा आयोजित सामाजिक अधिकारिता शिविर एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण समारोह (एलिम्को/।स्प्डब्व्) का शुभारंभ मा0 सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने माँ सरस्वती के छवि चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान मंचासीन मा0 सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, मा0 विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, मा0 विधायक सिकंद्राराऊ वीरेंद्र सिंह राणा तथा अपना दल के मा0 जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत का जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने पौध भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के मौके पर मा0 सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि यह शिविर सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासन एवं एलिम्को (।स्प्डब्व्) के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना की सफलता तभी संभव होती है, जब पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। इस कार्य में जनपद प्रशासन, जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों ने पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया है। उन्होंने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी सहित समस्त प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं एलिम्को की टीम की सराहना करते हुए कहा कि लाभार्थियों का पंजीकरण, मापन एवं परीक्षण कर उनकी आवश्यकता के अनुरूप उपकरण तैयार कराए गए हैं। जिन दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर, श्रवण यंत्र, दृष्टि सहायक उपकरण, व्हीलचेयर, वॉकर, ट्राइसाइकिल अथवा अन्य सहायक उपकरणों की आवश्यकता थी, उन्हें उनकी जरूरत के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, जिससे उनके जीवन को अधिक सहज एवं आत्मनिर्भर बनाया जा सके और वे आत्मविश्वास के साथ अपना जीवन व्यतीत कर सकें। उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत जनपद में बड़ी संख्या में पात्र लाभार्थियों का चयन ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर किया गया है। द्वितीय चरण में 492 लाभार्थियों को चिन्हित कर 2,656 सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी कोई पात्र वरिष्ठ नागरिक अथवा दिव्यांगजन इस योजना के लाभ से वंचित नहीं रहेगा। अंत में उन्होंने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी से सरकार की योजनाओं का लाभ लेने तथा अन्य पात्र लोगों को भी इन योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मा0 विधायक सदर एवं मा0 विधायक सिकंद्राराऊ ने अपने संबोधन में कहा कि भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति पूरी संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ कार्य कर रही हैं। सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण, वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, किसानों की समृद्धि, युवाओं के सशक्तिकरण तथा माताओं एवं बहनों के कल्याण के लिए निरंतर जनहितकारी योजनाएं संचालित कर रही है। समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हाथरस जनपद में राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत इतने बड़े स्तर पर निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि मा0 सांसद जी के विशेष प्रयासों से जनपद को प्राथमिकता के आधार पर यह शिविर एवं सहायक उपकरण उपलब्ध हो सके हैं। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए वरिष्ठ नागरिकों, माताओं, बहनों एवं भाइयों का स्वागत करते हुए कहा कि मानव शरीर का प्रत्येक अंग ईश्वर का अमूल्य उपहार है। यदि शरीर के किसी एक अंग में भी परेशानी आ जाए तो व्यक्ति का दैनिक जीवन प्रभावित हो जाता है। ऐसे में सहायक उपकरण केवल एक साधन नहीं, बल्कि किसी व्यक्ति के आत्मविश्वास, सम्मान और आत्मनिर्भरता को पुनः स्थापित करने का माध्यम हैं। व्हीलचेयर, वॉकर, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, छड़ी अथवा अन्य सहायक उपकरण मिलने से लाभार्थियों के चलने-फिरने, उठने-बैठने तथा दैनिक कार्यों को करने में काफी सुविधा मिलती है और उनका जीवन अधिक सहज एवं गरिमापूर्ण बनता है। उन्होंने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सक्रिय जीवन की कामना की। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन पात्र वरिष्ठ नागरिकों अथवा जरूरतमंद व्यक्तियों को अभी ऐसे सहायक उपकरण प्राप्त नहीं हो सके हैं, वे अपना पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि आगामी शिविरों में उन्हें भी आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें और कोई भी पात्र व्यक्ति इस महत्वपूर्ण योजना के लाभ से वंचित न रहे।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने मा0 सांसद, मा0 विधायक सदर, मा0 विधायक सिकंद्राराऊ सहित सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना केवल सहायक उपकरण वितरण का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के जीवन में सम्मान, आत्मविश्वास और सुविधा प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि सभी जरूरतमंदों के लिए सरकार और प्रशासन संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं और किसी भी पात्र व्यक्ति को स्वयं को अकेला या उपेक्षित महसूस करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र नागरिक तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पहुंचे। यदि कोई व्यक्ति किसी योजना का लाभ प्राप्त करने से वंचित रह गया है, तो वह निःसंकोच प्रशासन से संपर्क करे। प्रशासन प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। जिलाधिकारी ने जनसुनवाई व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक ’’सोमवार एवं गुरुवार’’ को तहसील एवं विकास खंड स्तर पर जनसुनवाई आयोजित की जाती है। जिसकी निगरानी जिला स्तर से की जाती है। इन दिनों तहसील एवं ब्लॉक के सभी अधिकारी उपस्थित रहते हैं तथा प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाता है, जिससे शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि यदि वे किसी भी सरकारी योजना के लाभ से वंचित हैं अथवा उन्हें किसी प्रकार की समस्या है, तो सोमवार एवं गुरुवार को अपने निकटवर्ती तहसील या विकास खंड कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में अवश्य पहुंचें। वहां संबंधित विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध रहते हैं और पात्र व्यक्तियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है।
अंत में जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, एलिम्को, संबंधित विभागों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय वयोश्री योजनातंर्गत जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम हाथरस में मा0 जनप्रतिनिधिगणों एवं अधिकारियों ने पात्र वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण वितरित कर लाभान्वित किया और बधाई दी।
इस मौके पर मा0 सासंद अनूप प्रधान वाल्मीकि, मा0 विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, मा0 विधायक सि0राऊ वीरेन्द्र सिंह राणा, अपना दल के मा0 जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, जिलाधिकारी अतुल वत्स तथा पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति में राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत पात्र वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कुल ’’2,656 सहायक उपकरण’’ वितरित किए गए। इनमें ’’288 फोल्डिंग व्हील चेयर, 451 वॉकिंग स्टिक (छड़ी), 270 श्रवण यंत्र (कान की मशीन), 05 सर्वाइकल कॉलर, 116 कुर्सी युक्त कमोड, 24 फोल्डेबल वॉकर, 852 घुटने की बेल्ट, 468 कमर की बेल्ट, 163 कुशन युक्त तकिए, 13 स्पाइनल सपोर्ट तथा 06 बैसाखियां’’ शामिल हैं।
इस मौके पर जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, अन्य विभागीय अधिकारी, लाभार्थी एवं प्रिंट एवं इलेक्ट्रोनिक मीडिया से पत्रकार बंधु आदि उपस्थित रहे।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें