जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का किया निरीक्षण, छात्राओं से संवाद कर आपदा प्रबंधन के दिए महत्वपूर्ण सुझाव
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, हाथरस में गत 11 जुलाई 2026 को शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना के उपरांत छात्राओं को अस्थायी रूप से अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया था। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित होने के पश्चात छात्राओं को पुनः कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में स्थानांतरित किए जाने पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने विद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा छात्राओं से आत्मीय संवाद स्थापित कर उन्हें आपदा से बचाव एवं सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने गुलाब का फूल भेंट कर जिलाधिकारी का स्वागत किया। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने छात्राओं से परिचयात्मक वार्ता करते हुए उनका हालचाल जाना और आत्मविश्वास के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। संवाद के दौरान उन्होंने छात्राओं से आगजनी, भूकंप एवं बाढ़ जैसी आपदाओं के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों के संबंध में प्रश्न पूछे तथा विस्तार से बताया कि ऐसी परिस्थितियों में क्या करना चाहिए और किन बातों से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपदा के समय घबराने के बजाय सूझबूझ एवं सतर्कता से कार्य करना ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि आग की घटना में छात्राओं की क्षतिग्रस्त सामग्री के स्थान पर आवश्यक सामग्री समाजसेवी एवं उद्योगपतियों के सहयोग से उपलब्ध कराई गई है। इस मानवीय सहयोग के लिए उन्होंने सभी समाजसेवियों एवं उद्योगपतियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि सामाजिक सहभागिता ऐसे अवसरों पर पीड़ितों को संबल प्रदान करती है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्रावास, कंप्यूटर कक्ष, पुस्तकालय, डाइनिंग हॉल सहित विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने सीढ़ियों के समीप स्थापित विद्युत बस-बार को सुरक्षा की दृष्टि से अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किए जाने के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया। साथ ही अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को भवन का स्थलीय निरीक्षण कर आपातकालीन निकासी के लिए अतिरिक्त सीढ़ियों के निर्माण संबंधी कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए जिलाधिकारी ने अपने हाथों से उन्हें पिज्जा परोसा। छात्राओं ने भी पिज्जा पार्टी का आनंद लिया तथा जिलाधिकारी के स्नेहपूर्ण व्यवहार से प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), तहसीलदार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, समाजसेवी, उद्योग बंधु सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें