शासन द्वारा संचालित लाभार्थीपरक योजनाओं के प्रभावी प्रबंधन, समयबद्ध लक्ष्य निर्धारण, पारदर्शी संचालन, पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत आच्छादन तथा जनसामान्य को सरकारी सुविधाएं सरलता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फैमिली आईडी (एक परिवार-एक पहचान) योजना संचालित की जा रही है।
मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने बताया कि विभिन्न विभागों की लाभार्थीपरक योजनाओं में लंबित पात्र लाभार्थियों के नवीन आवेदन प्राप्त करने के लिए 19 जुलाई, 2026 को जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी विकास खण्डों के रोजगार सेवक, पंचायत सहायक एवं पंचायत सचिव अपने-अपने ग्राम पंचायतों में फैमिली आईडी के अधिक से अधिक नवीन आवेदन प्राप्त कराते हुए पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने का कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि संबंधित विकास खण्डों के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अपने-अपने सेक्टर में अभियान की प्रगति का पर्यवेक्षण करेंगे, जबकि खण्ड विकास अधिकारी विकास खण्ड स्तर पर विशेष अभियान की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी खण्ड विकास अधिकारी विशेष अभियान दिवस की ग्राम पंचायतवार संकलित प्रगति रिपोर्ट तैयार कर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को उपलब्ध कराएं। अभियान के संचालन में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनाएं।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें