बंद हॉस्पिटल खुलवाने के नाम पर रुपए लेने का वीडियो हुआ वायरल

 बंद हॉस्पिटल खुलवाने के नाम पर रुपए लेने का वीडियो हुआ वायरल

सिकंदराराऊ सीएचसी का मामला


 सीएमओ ने संज्ञान लेकर जांच के लिए गठित की टीम, संबंधित स्वास्थ्य कर्मी को सादाबाद सीएचसी भेजा


सिकंदराराऊ

 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ पर तैनात एक कर्मचारी का बंद हॉस्पिटल की सील खुलवाने के नाम पर घूस लेने के वायरल वीडियो का सीएमओ ने संज्ञान ले लिया है। सीएमओ डॉ. मनजीत सिंह ने मामले में दो एसीएमओ सहित तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन कर दिया है। जांच कमेटी को दो दिन के अंदर अपनी जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वायरल वीडियो में रुपए लेते दिखाई दे रहे सिकंदराराऊ सीएचसी से कर्मी को हटा दिया है।

बता दें कि कुछ समय पहले सीएमओ के निर्देशन में एसीएमओ के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा कस्बा सिकंदराराऊ व आस-पास के क्षेत्रों में औचक छापेमारी की थी। छापेमारी के दौरान अधिकारियों द्वारा कमी पाए जाने पर एक निजी हॉस्पिटल को सीज कर दिया था। हॉस्पिटल सीज होने के बाद से ही संचालक द्वारा उसे पुनः खुलवाने को लेकर विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया गया था। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदाराराऊ पर तैनात एक कर्मचारी से भी संपर्क हुआ था। आरोप है कि सीएचसी पर तैनात उक्त कर्मचारी द्वारा हॉस्पिटल संचालक से हॉस्पिटल की सील खुलवाने के बदले में अधिकारियों के नाम पर काफी मोटी रकम की मांग की गई थी। जो बाद में बीस हजार रुपये तक पहुंच गई थी। हॉस्पिटल संचालक द्वारा सीएचसी पर ही उक्त कर्मचारी को बीस हजार रुपये दिए थे। जिसका किसी ने वीडियो बना लिया और बाद में उसे वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि उक्त कर्मचारी हॉस्पिटल संचालक से पैसे लेकर गिन रहा है और दस-दस हजार रुपये दो बार में आने की बात कह रहा है।

स्वास्थ्यकर्मी के घूस लेते का वायरल हुए वीडियो का बुधवार को सीएमओ डॉ. मनजीत सिंह ने संज्ञान लेते हुए वीडियो की जांच को लेकर एक तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन कर दिया। जांच कमेटी में एसीएमओ डॉ. राजीव गुप्ता, एसीएमओ डॉ. विजेंद्र सिंह व डीपीएम बलवीर सिंह शामिल हैं। सीएमओ द्वारा जांच कमेटी को दो दिन के अंदर पूरे प्रकरण की जांच कर जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।

सीएमओ डॉ मनजीत सिंह ने कहा है कि सीएचसी सिकंदराराऊ पर तैनात एक कर्मचारी का पैसे लेते हुए वीडियो सामने आया है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पूरे प्रकरण की जांच को लेकर तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। जांच कमेटी को दो दिन के अंदर अपनी जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सीएचसी सिकंदराराऊ पर तैनात बीसीपीएम रामसिंह को सीएससी सादाबाद भेज दिया है।

Post a Comment

और नया पुराने
Post ADS 2