जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन ने की श्री चौबे वाले महादेव मंदिर पर विधि-विधानपूर्वक भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना
श्रावण मास के पावन अवसर पर सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने श्री चौबे वाले महादेव मंदिर पहुंचकर विधि-विधानपूर्वक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा एवं आस्था का वातावरण देखने को मिला।
सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर एवं जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने जिला प्रशासन के सहयोग से श्री चौबे वाले महादेव मंदिर परिसर में लगाए गए Gen Z महादेव विशाल भंडारा शिविर का शुभारंभ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर किया। भंडारा शिविर में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भोजन की व्यवस्था की गई, जिसका बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लाभ उठाया।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि आज श्रावण मास का तीसरा सोमवार है और भगवान महादेव की कृपा पूरे जनपद एवं जनपदवासियों पर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि आज यहां आने का मुख्य उद्देश्य मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेना था, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी श्रद्धालु सुचारू रूप से भगवान महादेव के दर्शन कर पा रहे हैं। साथ ही कांवड़ियों, विशेषकर डाक कांवड़ लेकर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्था तथा पुलिस-प्रशासन द्वारा किए गए बंदोबस्त का भी निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आज यहां भंडारे का शुभारंभ किया गया है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं। जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि श्रावण मास में आने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। श्रावण मास आस्था, भक्ति एवं सेवाभाव का पर्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता, अनुशासन एवं आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की।
इस दौरान सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद हाथरस, पत्रकार बंधु, श्रद्धालुगण एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
@#samachar24news


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें