वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
सिकंदराराऊ ।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बाजीदपुर बाजार में सोमवार शाम कुछ लोगों ने एक युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाजार में हुई इस वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
ग्राम नगला भानचंद निवासी युवक सोमवार की शाम बाजीदपुर बाजार गया था। वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच बाजार हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पीड़ित के परिजनों के अनुसार, आरोपियों के साथ उनका पुराना कानूनी विवाद चल रहा है। आरोप है कि आरोपी पक्ष उन पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। बात न मानने पर रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
वारदात के बाद घायल युवक को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल युवक का उपचार जारी है।
सिकंदराराऊ कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें