राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सिकंदराराऊ, हाथरस के प्रधानाचार्य रोहिताश सिंह ने अवगत कराया है कि प्रदेश के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन की प्रक्रिया 11 जुलाई, 2026 से संचालित है।
उन्होंने बताया कि आईटीएसयू मैपिंग के आधार पर भारत सरकार के डीजीटी से प्राप्त ’’डायनेमिक सीट मैट्रिक्स के अनुसार प्रवेश हेतु अद्यतन सीट मैट्रिक्स प्रदर्शित की गई है। कुछ संस्थानों द्वारा पूर्व में मैप किए गए एनसीवीटी व्यवसायों की यूनिटों एवं सीटों को अनमैप किए जाने के कारण इन सीटों को एससीवीटी पाठ्यक्रम के अंतर्गत परिवर्तित किया गया है। इसके परिणामस्वरूप एससीवीटी पाठ्यक्रम के अंतर्गत संचालित व्यवसायों की सीटों में वृद्धि हुई है। साथ ही, पूर्व में छूटी हुई मैपिंग पूर्ण किए जाने के कारण एनसीवीटी पाठ्यक्रम की सीटों में भी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनमैप सीटों पर एनसीवीटी पाठ्यक्रम में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रधानाचार्य ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए एससीवीटी पोर्टल www.scvtup.in पर अद्यतन सीट मैट्रिक्स (संस्थान एवं व्यवसायवार) प्रदर्शित कर दी गई है। इसके आधार पर अभ्यर्थियों को अपने विकल्पों में संशोधन करने की सुविधा ’’9 अगस्त से 12 अगस्त, 2026’’ तक उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने सभी ऑनलाइन आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे एससीवीटी पोर्टल पर लॉगिन कर अद्यतन सीट मैट्रिक्स के अनुसार अपने आवेदन में दर्ज संस्थान एवं व्यवसाय के विकल्पों की समीक्षा करें। इच्छुक अभ्यर्थी अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुरूप संस्थान अथवा व्यवसाय में परिवर्तन कर सकते हैं अथवा नए विकल्प भी जोड़ सकते हैं, जिससे उन्हें इच्छित संस्थान एवं व्यवसाय में चयन एवं प्रवेश के अधिक अवसर प्राप्त हो सकें।
प्रधानाचार्य ने बताया कि इस संबंध में अभ्यर्थियों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी सूचना भेजी जा रही है। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित अवधि के भीतर अपने विकल्पों में आवश्यक संशोधन करने का अनुरोध किया है।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें