हाथरस में रील बनाने की सनक पड़ी भारी, बरेली हाईवे पर खतरनाक बाइक स्टंट करने वाला युवक गिरफ्तार, वाइक सीज
सोशल मीडिया पर मशहूर होने और लाइक-फॉलोअर्स बटोरने के चक्कर में खतरनाक स्टंट करने वाले एक युवक को पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है। थाना हाथरस गेट पुलिस ने वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है और स्टंटबाजी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। इस वीडियो में एक युवक बरेली हाईवे पर थाना हाथरस गेट क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक के साथ बेहद खतरनाक स्टंट करता नजर आ रहा था। युवक न सिर्फ अपनी जान जोखिम में डाल रहा था, बल्कि हाईवे पर चल रहे अन्य राहगीरों के लिए भी बड़ा खतरा बना हुआ था। इस दौरान उसने यातायात नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाईं।
वीडियो सामने आते ही पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लिया। उनके निर्देशन में थाना हाथरस गेट पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने वीडियो की बारीकी से जांच की और सर्विलांस व स्थानीय इनपुट की मदद से आरोपी की पहचान की।पकड़े गए आरोपी युवक की पहचान इमरान पुत्र नूर अहमद, निवासी रतनगढ़ी थाना हाथरस जंक्शन, जनपद हाथरस के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में आवश्यक वैधानिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने इस कार्रवाई के बाद जनपद के युवाओं और उनके अभिभावकों से विशेष अपील की है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर महज कुछ लाइक और वायरल होने की सनक में युवा सड़कों पर खतरनाक स्टंट न करें। यह स्टंटबाजी आपके साथ-साथ सड़क पर चल रहे मासूम राहगीरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है। पुलिस ने सभी से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने को कहा है।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें