प्रधानमंत्री पोषण योजनान्तर्गत कार्यरत रसोइयों का मानदेय 2,000 से बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह किया गया
हाथरस।
प्रधानमंत्री पोषण योजनान्तर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर की अध्यक्षता एवं जिलाधिकारी अतुल वत्स की उपस्थिति में किया गया।
विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों को मानदेय में वृद्धि एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व रसोइयों को रू0 1,000 मानदेय मिलता था, जिसे बढ़ाकर पहले रू0 2,000 किया गया और अब रू0 1,000 की अतिरिक्त वृद्धि के बाद उन्हें रू0 3,000 मानदेय प्राप्त होगा। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया।
विधायक ने कहा कि रसोइयों को अब कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ भी मिलेगा। उन्हें आयुष्मान कार्ड की तर्ज पर कैशलेस चिकित्सा कार्ड उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसके माध्यम से पात्र रसोइया बहनें रू0 5 लाख तक का उपचार करा सकेंगी और उपचार का भुगतान सरकार द्वारा किया जाएगा। उन्होंने रसोइयों से कार्ड को सुरक्षित रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर इसका लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मानदेय की धनराशि सीधे रसोइयों के बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे बिचौलियों की कोई भूमिका नहीं रहती। विधायक ने रसोइयों से संवाद स्थापित कर उनकी दिनचर्या एवं कार्यों की जानकारी ली। रसोइयों ने मानदेय वृद्धि और कैशलेस चिकित्सा योजना के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में विधायक ने सभी रसोइयों को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने विधायक सदर सहित उपस्थित जनप्रतिनिधिगणें का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि रसोइयां विद्यालयों में बच्चों को समय से पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वच्छता का संदेश भी दे रही हैं। बच्चे भी रसोइयों को देखकर स्वच्छता एवं अनुशासन सीखते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में रसोई गैस की सुविधा ने श्रम को काफी कम किया है। उन्होंने कहा कि मानदेय में वृद्धि रसोइयों की मेहनत एवं सेवाओं के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि आर्थिक सशक्तीकरण से महिलाओं में आत्मनिर्भरता बढ़ती है तथा उन्हें अपने छोटे-बड़े निर्णय स्वयं लेने की शक्ति मिलती है। इस मौके पर जिलाधिकारी ने रसोइयों बधाई दी।
कार्यक्रम का आयोजन माननीय मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ में आयोजित किया गया, जिसका सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार मे प्रदर्शित किया गया।कार्यक्रम के दौरान रसोइयों के मानदेय में वृद्धि की घोषणा की गई। प्रधानमंत्री पोषण योजनान्तर्गत कार्यरत रसोइयों का मानदेय रू0 2,000 से बढ़ाकर रू0 3,000 प्रतिमाह कर दिया गया है। साथ ही रसोइयों को ड्रेस हेतु दी जाने वाली धनराशि रू0 500 से बढ़ाकर रू0 1,000 कर दी गई है। इस निर्णय से रसोइयों में खुशी की लहर देखने को मिली। रसोइयों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए दुर्घटना की स्थिति में भारतीय स्टेट बैंक द्वारा 2 लाख तक की सहायता राशि दिए जाने की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त रसोइयों को प्रतिवर्ष 5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ प्रदान किया गया है। इस योजना के अंतर्गत रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए, जिसके माध्यम से उन्हें उपचार के लिए तत्काल आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ेगा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं रसोइयों ने कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पी एन दीक्षित, जिलाध्यक्ष अपना दल रवि सारस्वत, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी- कर्मचारी, प्रधानमंत्री पोषण योजना से जुड़े रसोइये और प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया से पत्रकार बंधु आदि उपस्थित रहे।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें