मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से गांव-गांव पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं, कलेक्ट्रेट में आयोजित हुआ स्वास्थ्य जांच शिविरहाथरस।
महान फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के द्वारा स्वास्थ्य विभाग को दी गई मोबाइल मेडिकल यूनिट टीम ने कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थित लोगों की जांच करने के साथ ही जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराई। इस मौके पर जिलाधिकारी के अलावा अधिवक्ताओं, अधिकारियों/कर्मचारियों तथा कलेक्ट्रेट में आने वाले जन सामान्य ने अपने खून की जांच कराने के साथ ही रिपोर्ट प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से ’स्वास्थ्य आपके द्वार’ की पहल को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। सीएसआर के अंतर्गत ’’महान मिल्क फूड्स’’ द्वारा उपलब्ध कराईकल गई इस मोबाइल मेडिकल यूनिट का जनपद में प्रभारी मंत्री द्वारा लोकार्पण किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों, उपेक्षित बस्तियों तथा ऐसे लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जो विभिन्न कारणों से स्वास्थ्य केंद्रों तक नहीं पहुंच पाते हैं अथवा अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता नहीं दे पाते।
मोबाइल मेडिकल यूनिट में अत्याधुनिक जांच सुविधा’’ उपलब्ध है। इसके माध्यम से रक्त की जांच तत्काल की जा सकती है। मशीन लगभग ’’30 सेकंड में जांच पूरी करती है तथा रिपोर्ट का प्रिंटआउट उपलब्ध करा देती है।’’ इससे रक्त से संबंधित विभिन्न मानकों की जानकारी तत्काल प्राप्त हो जाती है और किसी संभावित स्वास्थ्य समस्या की प्रारंभिक पहचान में सहायता मिलती है। इसके साथ ही यूनिट में ’’डेंटल चेकअप एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण’’ की सुविधा भी उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने बताया कि मोबाइल मेडिकल यूनिट का विशेष फोकस ’’गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की पहचान एवं उपचार’’ पर रखा गया है। ‘प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान’ के तहत सामान्यतः गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच के लिए आना पड़ता है, लेकिन जो महिलाएं किसी कारणवश स्वास्थ्य केंद्र तक नहीं पहुंच पातीं, उनके गांवों तक रोस्टर के अनुसार मोबाइल मेडिकल यूनिट पहुंचाई जा रही है। विशेष रूप से उन गांवों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां गर्भवती महिलाओं की संख्या अधिक है। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान महिला के स्वास्थ्य की नियमित जांच अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि मां के स्वास्थ्य का सीधा प्रभाव गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य पर पड़ता है। एनीमिया की समय से पहचान और उपचार से प्रसव संबंधी जटिलताओं को कम करने में सहायता मिलती है। पहले जहां एनीमिया की जांच के लिए पारंपरिक अनुमान लगाया जाता था, वहीं अब आधुनिक मशीन के माध्यम से अधिक त्वरित एवं सटीक जांच की सुविधा उपलब्ध है। मोबाइल मेडिकल यूनिट इस सुविधा को जरूरतमंद महिलाओं के घर के नजदीक तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में अधिवक्ताओं तथा कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में रक्त की जांच के साथ-साथ दंत परीक्षण एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी ने स्वयं भी जांच कराकर स्वास्थ्य सेवाओं का प्रत्यक्ष अनुभव लिया और अधिकारियों-कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी क्षमता और समर्पण के साथ निर्वहन कर सकते हैं। इसी क्रम में आने वाले समय में ’’पुलिस लाइन, विकास भवन सहित अन्य सरकारी कार्यालयों’’ में भी स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मोबाइल मेडिकल यूनिट को केवल सरकारी कार्यालयों तक सीमित न रखकर ’’गांवों, उपेक्षित मोहल्लों, घुमंतू एवं अन्य वंचित समुदायों की बस्तियों’’ तक पहुंचाया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उन लोगों को भी मिल सके, जो स्वयं स्वास्थ्य केंद्र तक नहीं पहुंच पाते। इस पहल के माध्यम से ‘’’स्वास्थ्य आपके द्वार’’’ की अवधारणा को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है।
जनपद में लगभग ’’छह माह से ‘एनीमिया मुक्त जनपद हाथरस’ अभियान’’ भी संचालित किया जा रहा है। प्रत्येक तीसरे सप्ताह आयरन सुक्रोज कैंप आयोजित कर चिन्हित गर्भवती महिलाओं को आवश्यक डोज उपलब्ध कराई जा रही है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से आने वाले समय में ’’कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों, परिषदीय विद्यालयों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों’’ में भी स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। यूनिट के साथ जनरल फिजिशियन भी उपलब्ध रहेंगे। प्रारंभिक जांच के दौरान जिन बच्चों में कम वजन अथवा स्वास्थ्य संबंधी अन्य समस्या के संकेत मिलेंगे, उनकी आवश्यकतानुसार रक्त जांच एवं आगे की चिकित्सकीय जांच कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि ’’बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें स्वस्थ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।’’ मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को घर और गांव तक पहुंचाकर न केवल बीमारियों की समय से पहचान की जा रही है, बल्कि लोगों में नियमित स्वास्थ्य जांच एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की भावना भी विकसित की जा रही है। जनपद में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और विभिन्न ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
@#समाचार24news
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें