लगातार बारिश के कारण अन्नदाता किसान हुआ परेशान
सिकंदराराऊलगातार हो रही बारिश से जहां आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है, वहीं सबसे बड़ी परेशानी अन्नदाता किसानों को है। धान की जहां खड़ी फसल गिर गई है, वहीं सब्जियों की खेती भी प्रभावित हो गई। बारिश ने किसानों की नींद उड़ा दी है। उड़द, गाजर की खेती भी प्रभावित हुई है। अगस्त में सूखे जैसे हालात हुए, लेकिन सितंबर अंतिम सप्ताह से अक्टूबर में अब तक हो रही बारिश से किसानों की चिंता की लकीरें साफ देखी जा सकती हैं।अक्टूबर महीने में हो रही बारिश से किसानों के चेहरे पर मायूसी छा गई है। पहले कम बारिश ने जहां धान की फसल को सुखा दिया जो बची खुची फसल है उसे बेमौसम बारिश तबाह करने पर तुली है। जिससे हुसैनपुर, बिलार, रतनपुर अरनौट, पहाड़पुर आदि दर्जनों गांवों के किसानों की धान, ज्वार, बाजरा और सब्जी की खेती को भारी नुकसान हुआ है। धान और बाजरा की फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। किसानों का कहना कि पूरी लागत डूब गई है। किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई है।

एक टिप्पणी भेजें