गायों से लदा कंटेनर पुलिस पर चढ़ाने का प्रयास, पुलिस ने 30 गाय गौ तस्करों से कराई मुक्त, अज्ञात तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कोतवाली पुलिस ने एटा रोड पर एक कंटेनर में लदी 30 गायों को गौ तस्करों से मुक्त कराया। इस दौरान गौ तस्करों ने पुलिस पर गाड़ी चढ़ा कर कुचलने का प्रयास किया । गौ तस्कर रात में अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात गौ तस्करों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया है ।
प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि कस्बा चौकी प्रभारी अब्दुल हासिम बस स्टैंड पर गश्त पर थे। तभी उन्हें सूचना मिली कि एक कंटेनर में गाय भरकर एटा की तरफ से लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस बल एटा रोड स्थित जगदंबा होटल पर पहुंच गया। जैसे ही कंटेनर वहां पहुंचा तो पुलिस ने उसे रोकने के लिए टॉर्च दिखाई। सामने पुलिस को देखकर कंटेनर चालक ने पुलिस के ऊपर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने भाग रहे कंटेनर का जीप से पीछा किया। कुछ दूरी पर अंधेरे का लाभ उठाकर कंटेनर चालक पुलिस पर फायर करते हुए कंटेनर को छोड़कर भाग गया। पुलिस ने कंटेनर का दरवाजा खोला तो उसमें 30 गाय भरी हुई थीं। गायों को रात में ही गाँव महामई सलावत नगर की गौशाला में भेज दिया गया। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि गौ तस्कर अलग गाड़ी में गाय लेकर जा रहे वाहन के पीछे पीछे चलते हैं। यदि पुलिसकर्मी कम संख्या में होते हैं तो यह फायरिंग करके भाग जाते हैं। पर्याप्त पुलिस बल देखकर यह लोग चुपचाप निकल गए।


एक टिप्पणी भेजें