जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ने किया हाथरस जंक्शन में संचालित पेट्रोल पम्प, मेंड़ू स्थित इंडियन गैस एजेन्सी तथा भारत गैस गोदाम का औचक निरीक्षण

हाथरस।

 जनपद में पेट्रोल-डीजल और गैस की सुचारू आपूर्ति, उपलब्धता एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिंहा के साथ हाथरस जंक्शन में संचालित पेट्रोल पम्प, मेंड़ू स्थित इंडियन गैस एजेन्सी तथा भारत गैस गोदाम का औचक निरीक्षण कर यथास्थिति का जायजा लिया तथा लोगों को सुचारु रूप से आपूर्ति प्रदान करने के निर्देश दिए।

वर्मा फार्म फ्यूल सेंटर हाथरस जंक्शन, (पेट्रोल पम्प) के निरीक्षण के दौरान पाया कि स्थिति पूर्णतः सामान्य है, लाइन लगाकर पेट्रोल भरवाने जैसी कोई स्थिति नहीं है। जिलाधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों से वार्ता कर पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी की। पेट्रोल पंप संचालक ने अवगत कराया कि उनके पास पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है। आज सायं तक पेट्रोल-डीजल की गाडी आ जायेगी। जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित ग्राहकों से भी बातचीत कर यह जानकारी ली कि पेट्रोल-डीजल निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराया जा रहा है या नहीं। इस पर लोगों ने बताया कि उन्हें निर्धारित दरों पर ही पेट्रोल-डीजल प्राप्त हो रहा है तथा किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है।

इसके पश्चात उन्होंने राम गोपाल इंडियन गैस सर्विस एजेन्सी मेंड़ू तथा नमन भारत गैस गोदाम मेंड़ू का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने गैस एजंन्सी संचालको से एजेन्सी/गोदाम में उपलब्ध स्टॉक का विवरण बाहर नोटिस बोर्ड पर अंकित करने के साथ ही वितरण के पश्चात अद्यतन स्थिति को समय समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए। उपभोक्ताओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होने कहा कि लापरवाही पाये जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय करते कडी कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनपद में पेट्रोल-डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, अतः घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। सभी लोग सामान्य रूप से अपनी आवश्यकता के अनुसार पेट्रोल-डीजल प्राप्त करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कहीं कोई समस्या उत्पन्न होती है तो तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करें। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



@#samachar24news

Post a Comment

और नया पुराने
Post ADS 2