सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

रोजगार मेले में 1181 अभ्यर्थियों का 26 कम्पनियों द्वारा किया गया चयन

जनप्रतिनिधिगणों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों ने चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर प्रदान किए 


हाथरस ।

 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, उ0प्र0 कौशल विकास मिशन  एवं जिला सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वाधान में सेठ फूलचंद बागला पीजी कॉलेज हाथरस में आयोजित वृहद रोजगार मेले में विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा तथा मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर रोजगार मेले का उद्घाटन किया तथा चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

आयोजित वृहद रोजगार मेले के अवसर पर  विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपस्थित सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि किसी भी परिवार में एक सदस्य को रोजगार मिलने से पूरे परिवार की दिशा और दशा बदल जाती है तथा आने वाली पीढ़ियां भी इससे लाभान्वित होती हैं। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा वह सशक्त माध्यम है, जिसके बल पर व्यक्ति अपने सपनों को साकार कर सकता है। यदि युवा पूरी निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें, तो वे किसी भी मुकाम को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से गरीब एवं किसान परिवारों से आने वाले बच्चों के लिए रोजगार एक बड़ा अवसर होता है, जो न केवल उन्हें आत्मनिर्भर बनाता है बल्कि उनके पूरे परिवार को उन्नति एवं प्रगति के मार्ग पर अग्रसर करता है। ऐसे युवा समाज में अच्छे नागरिक के रूप में अपनी पहचान बनाते हैं और एक सशक्त एवं शिक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन उनके लिए किसी त्योहार से कम नहीं है। उनके घरों में खुशियों का माहौल होगा और परिवार के सदस्य इस उपलब्धि पर गौरवान्वित होंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए अपने परिवार की उन्नति एवं प्रगति में योगदान दें। उन्होंने कंपनियों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें, जिससे जनपद के युवाओं को निरंतर रोजगार के अवसर प्राप्त होते रहें। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है, जिसमें घर-घर सूचना पहुंचाकर अधिकाधिक अभ्यर्थियों को जोड़ने का कार्य किया गया है। सभी चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने कार्य के साथ-साथ शिक्षा को भी जारी रखें और जीवन में निरंतर आगे बढ़ते रहें।

विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार ने कहा कि वर्तमान में अनुकूल वातावरण के साथ-साथ सरकार द्वारा युवाओं के लिए रोजगार के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे उनके भीतर ऊर्जा और उत्साह का संचार होना स्वाभाविक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं और अपने उत्साह को सकारात्मक दिशा में उपयोग करें। उन्होंने कहा कि आज जिन पदों पर जनप्रतिनिधि खड़े हैं, भविष्य में इन्हीं युवाओं में से कोई यहां पहुंचकर समाज का मार्गदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं का चयन इस बार नहीं हो पाया है, वे निराश न हों, बल्कि अपनी कमियों का आत्ममंथन कर उन्हें दूर करने का प्रयास करें। निरंतर अभ्यास, परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर वे निश्चित रूप से आगामी अवसरों में सफलता प्राप्त करेंगे। युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में निजी क्षेत्र (प्राइवेट सेक्टर) भी रोजगार के बेहतरीन अवसर प्रदान कर रहा है। कई बड़ी कंपनियां आकर्षक वेतन एवं बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध करा रही हैं, जिससे युवाओं को अपने करियर को नई दिशा देने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे सरकारी नौकरी के साथ-साथ निजी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों को भी समान महत्व दें और अपने कौशल के अनुसार सही दिशा का चयन करें।

 जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने कहा कि रोजगार युवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आवश्यकता है। जब अभिभावक अपने बच्चों को शिक्षा दिलाते हैं और उन्हें समय पर रोजगार नहीं मिलता, तो यह एक बड़ी चुनौती बन जाती है। ऐसे में इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आज लगभग 26 कंपनियों द्वारा युवाओं का चयन किया गया है, जो सराहनीय पहल है। चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मंच पर उपस्थित जनप्रतिनिधिगण एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया और चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिलाधिकारी ने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को निजी कंपनियों में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपेक्षा की कि वे जिस संस्थान में चयनित हुए हैं, वहां पूरी लगन, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करें, ताकि भविष्य में भी कंपनियां हाथरस आकर अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेलों के माध्यम से जिले में औद्योगिक एवं रोजगारपरक वातावरण सुदृढ़ हो रहा है। यदि यहां कार्यरत युवा उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे तो कंपनियों का विश्वास और बढ़ेगा, जिससे भविष्य में और अधिक अवसर सृजित होंगे। महिला सशक्तिकरण पर विशेष बल देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आज चयनित हुई बेटियां इसका सशक्त उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि वास्तविक सशक्तिकरण तभी संभव है, जब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। रोजगार मिलने से उनके खातों में आय आएगी, जिससे वे अपने आर्थिक निर्णय स्वयं लेने में सक्षम होंगी तथा अपने परिवार के विकास में योगदान दे सकेंगी। उन्होंने चयनित बेटियों को रोजगार प्रदान करने वाली कंपनियों का विशेष धन्यवाद भी ज्ञापित किया। जिलाधिकारी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे केवल रोजगार पाने तक सीमित न रहें, बल्कि भविष्य में रोजगार देने वाले बनने की दिशा में भी आगे बढ़ें। उन्होंने उद्यमिता (एंटरप्रेन्योरशिप) को अपनाने और नए अवसर सृजित करने का आह्वान किया। 

जिला सेवायोजन अधिकारी ने अवगत कराया कि रोजगार मेले में 26 नियोक्ता कम्पनियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। रोजगार मेले में लगभग 1402 अभ्यर्थियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। नियोक्ता कम्पनियो द्वारा 1181 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया। 

कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, परीयोजना निदेशक, उप जिलाधिकारी सदर, प्रधानाचार्य पीसी बागला डिग्री कॉलेज, प्रधानाचार्य आईटीआई, सहायक निदेशक सेवा योजना अलीगढ़, जिला सेवा योजना अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदि अपस्थित रहे।



@#samachar24news

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

यूपी बोर्ड 2026: सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सिकंद्राराऊ का हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में ऐतिहासिक प्रदर्शन, जिले की टॉप-10 सूची में 7 मेधावियों ने लहराया परचम

सिकंदराराऊ।   उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा हाल ही में घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणामों में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिकंद्राराऊ ने शैक्षणिक उत्कृष्टता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय के कुल 7 मेधावी विद्यार्थियों ने जिला हाथरस की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर संस्था, क्षेत्र एवं जनपद को गौरवान्वित किया है।   जिला स्तरीय मेरिट में विद्यालय के 3 छात्रों ने स्थान बनाया है। पहला स्थान भाग्यलक्ष्मी *अंक:* 560/600, *प्रतिशत:* 93.33%, *जिले में रैंक:* चौथा स्थान, दूसरा स्थान *शिवांश* — *अंक:* 557/600, *प्रतिशत:* 92.83%, *जिले में रैंक:* छठा स्थान, *पिता:* श्री छोटेलाल   तीसरा स्थान *बर्तिका* — *अंक:* 556/600, *प्रतिशत:* 92.67%, *जिले में रैंक:* सातवाँ स्थान, *पिता:* श्री शैलेन्द्र सिंह जादौन   इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के मेधावी छात्र   इंटरमीडिएट की जिला टॉप-10 सूची में विद्यालय के 4 छात्रों ने बाजी मारी। पहला स्थान *नितिन कुमार* — *अंक:* 444/500, *प्रतिशत:* 88.80%, *जिले में रैंक:* ...

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में झंडारोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

सिकंदराराऊ।  80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर का  परिसर तिरंगे की आभा और देशभक्ति के गीतों से गूंज उठा। कार्यक्रम की अध्यक्षता  श्रीमान भगवानदास गुप्ता ने की।  कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक  वीरेन्द्र सिंह राणा रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में शिवदत्त उपाध्याय एवं राजेंद्र मोहन सक्सेना उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रबंधक विनोद गुप्ता , कोषाध्यक्ष नीरज वैश्य, राजेश कुमार चंद्रा, विपिन लाल, वरुण माहेश्वरी एवं दुर्गादत्त उपाध्याय भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण के साथ हुई। ध्वजारोहण अध्यक्ष भगवानदास गुप्ता एवं मुख्य अतिथि वीरेन्द्र सिंह राना द्वारा किया गया। कार्यक्रम की प्रस्तुति दोनों विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा संयुक्त रूप से की गई। सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह चौहान के मार्गदर्शन में बच्चों ने देशभक्ति गीत, नाटिका, भाषण एवं समूह नृत्य प्रस्तुत किए। "वंदे मातरम", "ऐ मेरे वतन के लोगों" जैसी प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।  विद्या मंदिर के छात्रों की क्रांतिकारियों ...

हसायन में झोला छाप के उपचार से महिला की गई जान, कवरेज करने पहुंचे पत्रकार को अभद्रता कर बनाया बंधक

सिकंदराराऊ।  थाना हसायन क्षेत्र में झोलाछाप डाक्टर के इलाज से एक महिला की  मौत हो गई जिसके बाद कवरेज करने गए पत्रकार के साथ अभद्रता ही नहीं की गई बल्कि उसे दुकान का शटर बंद कर बंधक भी बना लिया गया। घटना से पत्रकारों में रोष व्याप्त हो गया।  बता दें कि थाना हसायन क्षेत्र के गांव बकायन की रहने वाली महिला नीतू देवी के पेट में 2 दिन पूर्व दर्द हुआ। जिसके बाद परिजन उसे हसायन में ही स्थित शिफा क्लीनिक पर उपचार के लिए ले गए। जहां उपचार के दौरान महिला की आज मौत हो गई। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। जब क्षेत्र के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया  कर्मी गौरव पचौरी को घटना की जानकारी हुई तो वह कवरेज हेतु शिफा क्लीनिक पहुंचे और कवरेज करने लगे जिससे नाराज होकर डॉक्टर  के पुत्र ने उनसे अभद्रता कर उनका मोबाइल कैमरा छीन लिया और दुकान का शटर बंद कर पत्रकार और उसके साथी को बंधक बना लिया। जिसके बाद जब घटना कि सूचना थाना पुलिस को मिली तो वह मौके पर पहुंची और दुकान का शटर खुलवाकर पत्रकार और उसके साथी को मुक्त कराया। इस शर्मनाक घटना की जानकारी जैसे ही क्षेत्र के पत्रकारों को हुई तो उन...