चौहान ज्वेलर्स के यहां चोरी का असफल प्रयास , चोर सीसीटीवी कैमरे तोड़कर ले गए

सिकंदराराऊ। 

नगर के राठी चौराहा स्थित चौहान ज्वेलर्स पर शनिवार रात करीब 3:30 बजे  चोरों ने चोरी का असफल प्रयास किया। जबकि बाजार में रात के समय पुलिस  की डयूटी रहती है, इसके बावजूद बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।

जानकारी के अनुसार, 3- 4 युवक, जिन्होंने टोपी पहन रखी थी और अपने चेहरे ढक रखे थे, राठी चौराहा स्थित चौहान ज्वैलर्स पर पहुंचे। युवकों ने सबसे पहले दुकान के ऊपर लगे सीसीटीवी कैमरों को निशाना बनाया और उन्हें उखाड़ दिया, ताकि उनकी पहचान रिकॉर्ड न हो सके। इसके बाद उन्होंने दुकान के शटर में लगे तालों को तोड़ने का प्रयास किया। दुकान मालिक विनोद कुमार चौहान का कहना है कि तालों पर तोड़फोड़ के निशान मिले हैं।

इसी बीच सुबह होने के चलते बाजार में चहल-पहल बढ़ने लगी, जिससे चोर  अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके और चोरी को अंजाम दिए बिना ही मौके से फरार हो गए। जाते समय वे उखाड़े गए दो सीसीटीवी कैमरे अपने साथ ले गए।

रविवार सुबह जब दुकान मालिक विनोद कुमार चौहान, निवासी मोहल्ला नौरंगाबाद पश्चिमी दुकान खोलने पहुंचे तो टूटे ताले और उखड़े कैमरे देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि दुकान से कोई सामान चोरी नहीं हुआ है और कैमरे तोड़े जाने से पहले सीसीटीवी फुटेज में तीन-चार युवक दुकान पर दिखाई दे रहे हैं। सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग में कैमरे उखाड़े जाने तक की फुटेज सुरक्षित है, जिसमें 3 से 4 कम उम्र के युवक नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे आंशिक रूप से दिखाई देने की बात भी सामने आई है।

सिटी इंचार्ज रामनरेश ने बताया कि जिस समय घटना हुई, उस दौरान वहां तैनात पुलिसकर्मी राउंड पर गए हुए थे।

वहीं कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने कहा कि तहरीर मिल गई है, मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



@#samachar24news

Post a Comment

और नया पुराने
Post ADS 2