घरेलू गैस सिलेण्डरों की कमी की शिकायत पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया श्याम गैस कम्पनी तथा ओम सांईं इण्डेन गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण

हाथरस । 

जनपद में उपभोक्ताओं के उपभोग हेतु घरेलू गैस सिलेण्डरों की कमी होने संबंधी शिकायतें प्राप्त होने पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ कछपुरा स्थित श्याम गैस कम्पनी तथा मोहनगंज स्थित ओम सांईं इण्डेन गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों की वितरण व्यवस्था, उपलब्ध स्टॉक, बुकिंग एवं डिलीवरी की प्रक्रिया का गहनता से जायजा लिया तथा मौके पर उपस्थित उपभोक्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित संचालकों से एजेंसी पर उपलब्ध गैस सिलेण्डरों की संख्या, स्टॉक तथा वितरण व्यवस्था का अवलोकन करते हुए गैस की आपूर्ति, प्रतिदिन होने वाले वितरण तथा उपभोक्ताओं को समय से गैस उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्थिति में अनावश्यक विलंब न होने पाए। जिलाधिकारी ने तुलाई मशीन पर खाली तथा भरे हुए गैस सिलेण्डरों की तौल कराकर स्वयं जांच की। उन्होंने एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखें तथा बुकिंग के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर उपभोक्ताओं को डिलीवरी सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि वितरण प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी होनी चाहिए और एजेंसी परिसर में उपभोक्ताओं के लिए आवश्यक सूचनाएं स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाएं।

जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से वार्ता कर जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं की गैस सिलेण्डर की बुकिंग पहले से हो चुकी है, उनकी डिलीवरी के समय सर्वर के माध्यम से ओटीपी जेनरेट होता है। वर्तमान में सर्वर की गति धीमी होने के कारण ओटीपी जेनरेट होने में समस्या आ रही है, जिसके कारण डिलीवरी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए मार्केटिंग कंपनियों के मुख्य डिस्ट्रीब्यूटरशिप से वार्ता कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है, ताकि सर्वर संबंधी समस्या का शीघ्र समाधान कराया जा सके। उन्होंने कहा कि सर्वर में आ रही तकनीकी समस्या के कारण ओटीपी जेनरेट नहीं हो पा रहा है, जिसे समुचित प्लेटफॉर्म पर उठाकर जल्द से जल्द ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि गैस सिलेण्डरों की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि किसी को इस प्रकार की कोई सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल डायल 112 पर सूचना दें, जिससे संबंधित अधिकारियों द्वारा तत्काल जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जा सके। जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारी, तहसील स्तरीय अधिकारियों एवं जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद की सभी गैस एजेंसियों पर नियमित रूप से निगरानी रखी जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि उपभोक्ताओं को समय से गैस सिलेण्डर उपलब्ध हो। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि गैस वितरण से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर उसका त्वरित निस्तारण किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, गैस एजेंसी संचालक आदि उपस्थित रहे।



@#samachar24news

Post a Comment

और नया पुराने
Post ADS 2