ओलावृष्टि से फसलों की क्षति के आकलन के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने खेतों का निरीक्षण कर लिया प्रभावित फसलों की स्थिति का जायजा
जनपद के कुछ क्षेत्रों में विगत दिनांक को वर्षा के साथ हुई अत्यधिक ओलावृष्टि से फसलों की क्षति के आकलन के दृष्टिगत जिलाधिकारी अतुल वत्स ने तहसील हाथरस क्षेत्र के ग्राम नगला अनीगढ़ी तथा संटीकरा में पहुंचकर खेतों का निरीक्षण किया तथा प्रभावित फसलों की यथा स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना तथा फसल क्षति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खेतों में जाकर फसलों को हुए नुकसान का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों से पूछा कि वर्षा एवं ओलावृष्टि से उनकी फसलों पर कितना प्रभाव पड़ा है। किसानों ने बताया कि असमय हुई वर्षा एवं ओलावृष्टि के कारण फसलों को अत्याधिक नुकसान पहुंचा है।
जिलाधिकारी ने संबंधित राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कर वास्तविक क्षति का आंकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए तथा प्रत्येक प्रभावित किसान का विवरण सही ढंग से दर्ज किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी पात्र किसान को राहत सहायता से वंचित न रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को फसल क्षति संबंधी रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में तैयार कर समयबद्ध ढंग से पोर्टल पर फीड करने के निर्देश दिए। जिससे प्रभावित किसानों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जा सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वस्त किया कि प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा फसल क्षति के मामलों में शासन की मंशानुरूप आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे सर्वेक्षण टीमों को सही जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि क्षति का सटीक आंकलन किया जा सके।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी हाथरस, कृषि अधिकारी, राजस्व विभाग के कर्मचारी, किसान उपस्थित रहे।
@#samachar24news


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें