जनपद हाथरस हेतु तैयार किए जा रहे जिला गजेटियर के अद्यतन, संकलन एवं प्रकाशन के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक करते हुए मुख्य विकास अधिकारी पी0एन0 दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन विभागों की गजेटियर से संबंधित अध्यायवार रिपोर्ट/ड्राफ्ट लंबित है तत्काल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि गजेटियर में कुल 11 अध्याय हैं। प्रत्येक अध्याय से संबंधित समस्त विभागीय अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराई गई रिपोर्ट की प्रमाणिकता सुनिश्चित किये जाने के उददेश्य से पुनः अध्ययन कर आवश्यकता होने पर संकलित सूचना में सुधारात्मक कार्य करने के निर्देश दिए, जिससे कि जनपद का गजेटियर पूर्णरूप से सुव्यवस्थितढंग से तैयार किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्राप्त सूचनाओं एवं तथ्यों का परीक्षण एवं सत्यापन किए जाने के उपरांत उन्हें गजेटियर में सम्मिलित किया जाएगा, जिससे यह दस्तावेज अधिक सटीक, व्यापक एवं उपयोगी बन सके। उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल प्रशासनिक दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जनपद की समृद्ध विरासत एवं सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कोई भी इच्छुक व्यक्ति अपनी जानकारी एवं दस्तावेज निर्धारित प्रारूप में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, हाथरस में उपलब्ध करा सकते हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे इस संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें तथा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, पुस्तकालयों एवं शोध संस्थानों से समन्वय स्थापित कर अधिकाधिक उपयोगी सामग्री संकलित करें।
जनपद के गजेटियर को अधिक प्रामाणिक, समृद्ध एवं उपयोगी बनाने के उद्देश्य से जनपदवासियों से महत्वपूर्ण अपील करते हुए कहा कि इस कार्य में आमजन की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के प्रबुद्ध नागरिकों, इतिहासकारों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों, शोधार्थियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों से आग्रह किया कि यदि उनके पास जनपद से संबंधित कोई ऐतिहासिक तथ्य, पुरालेख, प्राचीन दस्तावेज, साहित्यिक जानकारी, लोक परंपराएं, सांस्कृतिक धरोहर अथवा भौगोलिक स्थिति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध हो, तो उसे जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय, विकास भवन, हाथरस के माध्यम से साझा करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, समस्त उपजिलाधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें