आगामी 21 जून, 2026 को आयोजित होने वाले 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल एवं भव्य आयोजन के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय समिति की बैठक करते हुए मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने योग दिवस के आयोजन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं एवं विभागीय दायित्वों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। योग मानव जीवन को स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष योग दिवस का आयोजन अधिक व्यापक जनसहभागिता के साथ किया जाए तथा प्रत्येक नागरिक तक योग का संदेश पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद स्तर पर आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ सभी विकास खंडों, नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आमजन की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने योग दिवस के मुख्य आयोजन स्थल की तैयारियों, मंच व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, प्राथमिक उपचार केंद्र, एम्बुलेंस व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। संबंधित विभागों को समयबद्ध रूप से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में योग संबंधी जागरूकता कार्यक्रम संचालित कर विद्यार्थियों को योग दिवस में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने हेतु योग के महत्व से अवगत कराना आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं समन्वय के साथ करें, ताकि 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन जनपद में सफल, व्यवस्थित एवं यादगार बनाया जा सके।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें