केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकासखंड हसायन के ग्राम पंचायत छीतूपुर में रात्रि चौपाल का आयोजन
केंद्र सरकार के सफलतापूर्वक 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड हसायन के ग्राम पंचायत छीतूपुर में रात्रि चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि की अध्यक्षता तथा विधायक सिकंद्राराऊ वीरेन्द्र सिंह राणा की गरिमामयी उपस्थिति में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा आमजन के हित में किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की गई। चौपाल में उपस्थित अधिकारियों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, महिला एवं बाल विकास योजनाओं सहित अन्य लाभकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को इनका लाभ प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया गया।
सांसद एवं विधायक ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार ने गांव, गरीब, किसान, महिला एवं युवा वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक एवं जनहितकारी निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जन-जागरूकता स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
रात्रि चौपाल में जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, खण्ड विकास अधिकारी, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जल निगम, कृषि विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, पंचायतीराज विभाग, समाज कल्याण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर संतोष व्यक्त किया तथा जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों का आभार प्रकट किया। बड़ी संख्या में ग्रामवासी, गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।
@#samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें