भारतीय किसान यूनियन अधिकार के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में
किसानों ने तहसील पर किया प्रदर्शन, उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

भारतीय किसान यूनियन अधिकार के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजेश कुमार आजाद के नेतृत्व में किसानों ने सोमवार को तहसील मुख्यालय पर जमकर नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन किया तथा तहसील प्रशासन पर किसानों का शोषण करने का आरोप लगाया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी को किसानों की समस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन भी दिया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजेश कुमार आजाद ने कहा कि वह कई बार स्वयं उप जिलाधिकारी से मिलकर किसानों की समस्याओं के निदान की मांग कर चुके हैं। लेकिन उप जिलाधिकारी द्वारा किसानों के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। किसानों की सुनवाई नहीं हो रही है। किसान अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर काटकर थक चुके हैं। यह सब नहीं चलेगा। किसानों का उत्पीड़न कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नारेबाजी करने के बाद किसान तहसील प्रांगण में जमीन पर ही बैठ गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे । उप जिलाधिकारी वेद सिंह चौहान मौके पर पहुंच गए। इस अवसर पर उन्हें एक ज्ञापन दिया गया तथा मांग की गई कि किसानों की समस्याओं के निस्तारण के लिए त्वरित कार्रवाई की जाए। किसी प्रकार का आश्वासन नहीं चलेगा। कई बार झूठे आश्वासन दिए जा चुके हैं।



एक टिप्पणी भेजें