वोटर गाइड वितरण, प्रभात फेरी का किया गया आयोजन सभी मतदाता भयमुक्त, निष्पक्ष होकर अपने मत का प्रयोग करें
एटा।* लोकसभा सामान्य निर्वाचन को आयोग की मंशानुसार स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सकुशल सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से मतदाता जागरूकता स्वीप कार्यक्रमों का सम्पूर्ण जनपद में भव्यता एवं जोर शोर के साथ आयोजन किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रेम रंजन सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त विद्यालयों से मतदाता जागरूकता प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, यह प्रभात फेरी विद्यालय से निकलकर गांव में पहुंची और मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक किया। बतातें चलें कि एटा लोकसभा की विधानसभा 105-मारहरा, 104-एटा सदर एवं आगरा लोकसभा की विधानसभा 106-जलेसर में 7 मई को एवं फर्रूखाबाद लोकसभा की अलीगंज विधानसभा में 13 मई को मतदान किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने एसएसपी राजेश कुमार सिंह, सीडीओ डॉ एके बाजपेयी सहित अन्य अधिकारियों के साथ एटा लोकसभा क्षेत्र की 105-मारहरा विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय वरिगवां पहुंचकर वोटर गाइड वितरण एवं प्रभात फेरी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। डीएम ने इस दौरान मौजूद ग्रामीणजनों को वोटर गाइड वितरित करते हुए 7 मई को शतप्रतिशत मतदान करने की अपील की। डीईओ ने कहा कि विगत वरिगवां प्राथमिक विद्यालय पर 171, 172 दो बूथ हैं, जिस पर क्रमशः 857, 692 मतदाता हैं। संज्ञान मे आया है कि गत निर्वाचनों में इस गांव में मतदान प्रतिशत काफी कम रहा है, इसलिए हम सभी का यह प्रयास होना चाहिए कि गांव में सभी मतदाता अपने मत का प्रयोग करें। इस अवसर पर बीएसए दिनेश कुमार, खण्ड विकास अधिकारी, खण्ड शिक्षाधिकारी, थाना प्रभारी, ग्राम प्रधान, भारी संख्या में ग्रामीणजन, मतदाता आदि मौजूद रहे।
@samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें